41.2 C
Rudrapur
Monday, June 15, 2026

गोंडा में दर्दनाक हादसा: पृथ्वीनाथ मंदिर जा रही बोलेरो नहर में गिरी, 11 श्रद्धालुओं की मौत

अवश्य पढ़ें

गोंडा। जिले में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जब श्रद्धालुओं से भरी एक बोलेरो गाड़ी नहर में जा गिरी। हादसे में 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। मृतकों में अधिकांश एक ही गांव के बताए जा रहे हैं, जिससे गांव में मातम का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मोतीगंज थाना क्षेत्र के सीहागांव निवासी प्रह्लाद गुप्ता अपने परिवार और कुछ मित्रों के साथ बोलेरो से पृथ्वीनाथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। रास्ते में पारासराय-अलावल देवरिया मार्ग पर रेहरा गांव के पास स्थित सरयू नहर पुल के पास वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे नहर में जा गिरा।

बोलेरो में कुल 15 लोग सवार थे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इटियाथोक थानाध्यक्ष केजी राव के अनुसार, राहत एवं बचाव कार्य के दौरान अब तक नहर से 11 शव बरामद किए जा चुके हैं। चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जिनका इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। नहर की तेज धारा और गहराई के कारण राहत कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी। फिलहाल प्रशासन द्वारा मृतकों की शिनाख्त की जा रही है और परिजनों को सूचना दी जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पुल की सुरक्षा व्यवस्था और सड़क किनारे उचित बैरियर लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

- Advertisement -spot_img

अधिक समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताजा खबर