न्यूज प्रिन्ट,रुद्रपुर। रुद्रपुर 18 फरवरी 2026 (सू०वि०) सरस आजीविका मेला (यू.एस. नगर कार्निवाल) के पाँचवें दिवस पर आयोजित जनजातीय सांस्कृतिक संध्या ने मेले में पहुंचे जनसमूह को मनोरंजन, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। इससे पूर्व हिमनाद बैण्ड के द्वारा शानदार प्रस्तुति देकर श्रोताओं को खूब नचाया। पंचम दिवस पर कार्यक्रम के मुख्यातिथि जनपद के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने कार्यक्रम में ग्रामोत्थान रीप परियोजना के अंतर्गत 51 पशु सखियों को मोबाइल फोन वितरित किये। इसी क्रम में ग्रामोत्थान रीप परियोजना के अंतर्गत विकास खण्ड रुद्रपुर के प्रतिभा सी एल एफ बंडिया, रुद्रा सी एल एफ नारायणपुर, आजाद सी एल एफ बरा एवं नारी शक्ति सी एल एफ बिगवाड़ा को 6-6 लाख के अनुदान राशि के चेक वितरित किये। माननीय गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि धामी सरकार द्वारा प्रदेश में अनेक प्रभावी एवं जनहितकारी कानून लागू किए गए हैं, जिनके माध्यम से राज्य को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं विकासोन्मुख बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि सरकार ने युवाओं के भविष्य को संवारने हेतु पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया अपनाते हुए 25 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति प्रदान करने का महत्वपूर्ण कार्य किया है, जो पूर्व में असंभव माना जाता था। यह राज्य में सुशासन एवं रोजगार सृजन की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। माननीय मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि 14 फरवरी से आयोजित सरस आजीविका मेले में मात्र पाँच दिनों के भीतर स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा लगभग 5 करोड़ रुपये से अधिक के उत्पादों की बिक्री की जा चुकी है। यह उपलब्धि न केवल मेले की सफलता को दर्शाती है, बल्कि इस बात का प्रमाण भी है कि राज्य सरकार द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए किए जा रहे प्रयास जमीनी स्तर पर सार्थक परिणाम दे रहे हैं। स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी से महिलाओं को स्वरोज़गार के नए अवसर मिल रहे हैं और वे आत्मनिर्भर बनकर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रही हैं। इससे पूर्व माननीय मंत्री ने सरस मेले में स्वयं सहायता समूह के द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरिक्षण किया।

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे प्रसिद्ध कलाकार राकेश खनवाल, जिनके ऊर्जावान और लोकप्रिय गीतों ने दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। उनके शानदार मंच प्रदर्शन ने पूरे आयोजन स्थल को उत्सवमय माहौल में बदल दिया, जहां उपस्थित लोग संगीत की धुनों पर थिरकते नजर आए। इस प्रकार सरस आजीविका मेला न केवल ग्रामीण उत्पादों और स्वरोज़गार को बढ़ावा देने का मंच बन रहा है, बल्कि सांस्कृतिक एकता और मनोरंजन का केंद्र बनकर समाज के सभी वर्गों को एक साथ जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पंचम दिवस की यह सांस्कृतिक संध्या मेले की सफलता को एक नई ऊंचाई प्रदान करते हुए उपस्थित जनसमूह के लिए यादगार बन गई। इस अवसर पर मेयर विकास शर्मा, अध्यक्ष एस टी आयोग लीलावती राणा, विवेक सक्सेना, अमित नारंग, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, पी डी हिमांशु जोशी, उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी के एस रावत, तहसीलदार दिनेश कुटौला, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नंदनी तोमर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और भारी संख्या में दर्शक मौजूद थे।


