न्यूज प्रिन्ट शक्तिफार्म क्षेत्र में सामने आया चोरी का एक सनसनीखेज मामला रिश्तों में विश्वासघात की बड़ी मिसाल बनकर सामने आया है। यहां एक बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही घर में लाखों रुपये की चोरी की साजिश रच डाली।
मामले के अनुसार, 6 अप्रैल 2026 को निशीकांत हालदार अपने परिवार के साथ मंदिर दर्शन के लिए घर से बाहर गए थे। जब वे लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ मिला और अलमारी से करीब 12 लाख रुपये नकद तथा सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। शुरुआत में यह मामला सामान्य चोरी का लगा, लेकिन पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
जांच के दौरान शक घर के ही सदस्य पर गया। सख्ती से पूछताछ करने पर बहू अमिता हालदार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसकी पहचान फेसबुक के माध्यम से सोमनाथ हालदार से हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। इसी संबंध और लालच के चलते उसने अपने ही परिवार को धोखा देने की योजना बनाई।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि अमिता ने जनवरी और फरवरी माह में भी दो बार एक-एक लाख रुपये चोरी कर अपने प्रेमी को दिए थे। इसके बाद 6 अप्रैल को उसने योजना के तहत अलमारी से शेष नकदी और जेवर निकालकर सोमनाथ को सौंप दिए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 अप्रैल को सोमनाथ हालदार को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 4,98,900 रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और चोरी की रकम से खरीदी गई एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने चोरी के पैसों से बाइक खरीदी और बाकी रकम अपने शौक व अन्य खर्चों में खर्च कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है।


