न्यूज पिन्ट रुद्रपुर। दशहरा पर्व पर गांधी पार्क में होने वाले रावण दहन के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। मंगलवार सुबह सात बजे से शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी, जबकि शाम चार बजे से प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।
फलमंडी से बाटा चौक और अग्रसेन चौक के बीच सभी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। यातायात नियमों का पालन कराने के लिए नौ स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
इन रास्तों से गुजरेंगे वाहन
भारी वाहनों को किच्छा रोड स्थित राधा स्वामी सत्संग फ्लाईओवर, काशीपुर रोड के एमेनिटी स्कूल फ्लाईओवर, रामपुर बॉर्डर और पार्ले चौक से रिंग रोड के रास्ते गंतव्य तक जाना होगा। काशीपुर, हरिद्वार, रामपुर, दिल्ली, किच्छा, सितारगंज, हल्द्वानी और नैनीताल की ओर जाने वाले वाहनों को निर्धारित डायवर्जन से निकाला जाएगा।
त्रिशूल चौक से डीडी चौक जाने वाली रोडवेज बसें तीनपानी और किच्छा बाईपास से होकर गुजरेंगी।
चार स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था
दशहरा देखने आने वाले लोगों के वाहनों के लिए गल्ला मंडी, फलमंडी के सामने, विशाल मेगा मार्ट की पार्किंग और सिंचाई विभाग के मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
सीओ रुद्रपुर विभव सैनी ने वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने और प्रतिबंधित क्षेत्रों में वाहन नहीं ले जाने की अपील की है।





