रुद्रपुर। रंगों के महापर्व होली के आते ही बाजारों में रौनक बढऩे लगी है। शहर के चौक-चौराहों पर रंग-बिरंगी दुकानों ने माहौल को और उत्सवमय बना दिया है।
परंपरागत लोकगीतों की धुन सुनाई देने लगी है। जो होली के उल्लास को और अधिक बढ़ा रही है। इस बार 13 मार्च को होलिका दहन और 14 मार्च को होली पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इसे लेकर बाजारों में खरीदारी धीरे-धीरे तेज होने लगी है। शहर के मुख्य बाजार सहित प्रमुख चौक-चौराहों पर रंग-गुलाल और पिचकारियों की दुकानें सज चुकी हैं।रंगों के इस त्योहार पर गुलाल, अबीर, पिचकारियां, वाटर गन और हर्बल रंगों की मांग बढ़ रही है। बाजारों में अलग-अलग डिजाइनों की पिचकारियां उपलब्ध हैं, जिन्हें बच्चे और युवा बड़े उत्साह से खरीद रहे हैं। हालांकि, अभी खरीदारी में पूरी तेजी नहीं आई है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ेगी।

होलिका दहन: बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक
13 मार्च की रात होलिका दहन किया जाएगा, जिसे बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है। शहरभर में विभिन्न स्थानों पर होलिका दहन की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। परंपरागत विधि-विधान से लोग होलिका दहन में शामिल होकर सुख-समृद्धि और बुरी शक्तियों के नाश की कामना करेंगे। होली का पर्व हर साल लोगों के जीवन में खुशियों के रंग घोलता है। जैसे-जैसे होली का दिन नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे बाजारों में उत्साह बढ़ता जा रहा है। आने वाले दिनों में बाजारों में और अधिक चहल-पहल देखने को मिलेगी, जब लोग रंगों और उमंग के इस पर्व की तैयारियों में जुट जाएंगे।