भक्ति और कीर्तन से बढ़ता है भाईचारा: राजकुमार ठुकराल
न्यूज प्रिन्ट, रुद्रपुर। ग्राम सुंदरपुर स्थित मंदिर परिसर में आयोजित अखंड महानाम संकीर्तन में पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल ने सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने संकीर्तन मंडली के साथ बैठकर “हरे राम, हरे कृष्ण” महामंत्र का श्रद्धापूर्वक जाप किया और क्षेत्र की सुख-शांति व समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
कार्यक्रम में आगमन पर आयोजक समिति द्वारा उनका अंगवस्त्र पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया। अपने संबोधन में ठुकराल ने कहा कि भक्ति और कीर्तन से मानसिक शांति प्राप्त होती है तथा समाज में भाईचारा और सौहार्द बढ़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि महानाम संकीर्तन जैसे धार्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलता है। इस दौरान कार्यक्रम में अनेक गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


