न्यूज प्रिन्ट, बागेश्वर। जिले को हैली सेवा के रूप में एक नई सौगात मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून-बागेश्वर-देहरादून और बागेश्वर हल्द्वानी-बागेश्वर हैली सेवा का वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। यह महत्वपूर्ण सेवा उत्तराखंड नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के तत्वावधान में उड़ान योजना के तहत शुरू की गई है। हैली सेवा नागरिकों और पर्यटकों दोनों के लिए सुविधाजनक होगी। मेला डूंगरी गरुड़ स्थित हैलीपैड पर दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट, विधायक पार्वती दास, सुरेश गढिय़ा, जिलाधिकारी आशीष भटगांई, एसपी चंद्रशेखर आर घोड़के ने देहरादून से आए पहले यात्रियों के जत्थे एवं पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी का स्वागत किया।

इस दौरान सभी भाजपा नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री का माल्यार्पण कर स्वागत किया। पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि जिलेवासियों को कम समय में देहरादून और हल्द्वानी जाने के लिए यात्रियों को सुविधा होगी और समय की भी बचत होगी। विधायक सुरेश गढिय़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास और आम जनता को देश-दुनिया से जोडऩे की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किया है। विधायक पार्वती दास ने कहा कि हैली सेवा का शुभारंभ न केवल क्षेत्र के विकास में एक मील का पत्थर है,बल्कि यह नागरिकों की सुविधा और आपातकालीन जरूरतों को पूरा करने में भी सहायक होगी। दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि इस सेवा से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति मिलेगी। जिलाधिकारी ने हैली सेवा शुरू होने पर जनपदवासियों को शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर पूर्व विधायक ललित फस्र्वाण, नगर पालिका अध्यक्ष बागेश्वर सुरेश खेतवाल, प्रशासक हेमा बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा, निवर्तमान जिलाध्यक्ष भाजपा इंद्र सिंह फस्र्वाण, वरिष्ठ नागरिक दलीप सिंह खेतवाल, इंद्र सिंह परिहार, राजेंद्र राठौर, आनंद मेहता, सीडीओ आरसी तिवारी, एसडीएम मोनिका, ईई संजय भारती सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।