शिमला पिस्तौर में कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने जताया सरकार पर भरोसा
न्यूज प्रिन्ट, रुद्रपुर। उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग की उपाध्यक्ष फरजाना बेगम ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश की जनकल्याणकारी योजनाएं हर जरूरतमंद तक पहुँच रही हैं और समाज के हर वर्ग में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। वे गुरुवार को शिमला पिस्तौर गांव में आयोजित एक विशेष जनसम्पर्क कार्यक्रम में बोल रही थीं।
उन्होंने ग्रामीणों को धामी सरकार की महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, स्वास्थ्य, आवास और आर्थिक सहायता संबंधी योजनाओं की जानकारी दी। फरजाना ने कहा कि प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता के चलते हर घर तक योजनाओं की पहुँच सुनिश्चित हो रही है।
उन्होंने बताया कि विशेषकर महिलाओं में योजनाओं को लेकर उत्साह, भरोसा और आत्मविश्वास स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी का नेतृत्व आज राज्य में विश्वास और समर्पण का प्रतीक बन चुका है। प्रदेश तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ ही सामाजिक सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा रही है। फरजाना ने कहा, सरकार ने अंतिम व्यक्ति तक राहत पहुँचाने का संकल्प लिया है, और वह जमीन पर दिख भी रहा है। जनता का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है, और हमें मिलकर उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने के संकल्प को साकार करना है।
कार्यक्रम में जैनब अंसारी, जाहिदा, शायरा, जिम्मी, रुखसाना, सोहना, मेराज आलम, अजगर अली, जफर अली और शेखावत सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने सरकार की योजनाओं को उपयोगी बताया और मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की।