न्यूज प्रिन्ट, काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को काशीपुर पहुंचकर प्रबुद्धजन संवाद एवं विचार-विमर्श कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि काशीपुर के डॉक्टर्स, इंजीनियर, शिक्षाविद, अधिवक्ता, उद्यमी, व्यापारी व समाजसेवी जैसे लोग अपने अनुभव, ज्ञान और सेवा भाव से न केवल समाज बल्कि प्रदेश और देश को भी प्रगति की राह पर आगे बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म की नीति पर चलते हुए आत्मनिर्भर भारत की ओर तेजी से अग्रसर है। उन्होंने डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भारत विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है।

धामी ने कहा कि भारत अब विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और रक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, विज्ञान व तकनीक सहित सभी क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि एनएसओ के ताज़ा आँकड़े भारत को दुनिया का सबसे तेज़ ग्रोथ इंजन साबित करते हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि 2023 में आयोजित ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ के निवेश समझौते हुए, जिनमें से करीब 1 लाख करोड़ के प्रस्ताव धरातल पर उतारे जा चुके हैं। साथ ही, राज्य में 30 से अधिक नई औद्योगिक नीतियां लागू की गई हैं।

उन्होंने समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, लैंड जिहाद पर कार्रवाई, अवैध मदरसों को बंद करने और भ्रष्टाचार विरोधी कदमों को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों में उत्तराखंड को देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री ने स्वदेशी अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि हम स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देंगे तो यह न केवल किसानों व कारीगरों को सशक्त करेगा बल्कि आत्मनिर्भर भारत अभियान को भी मजबूती देगा।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री गणेश जोशी, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, शिव अरोरा, मेयर दीपक बाली, दर्जा राज्यमंत्री अनिल कपूर डब्बू, फरजाना बेगम, भाजपा प्रदेश मंत्री खिलेन्द्र चौधरी, जिलाध्यक्ष मनोज पाल, पूर्व सांसद बलराज पासी, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।