रुद्रपुर। एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में जनपद पुलिस को फर्जी NCERT पुस्तकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी नफीस खान उर्फ राजू को गिरफ्तार कर अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार 17 मार्च 2026 को NCERT नई दिल्ली के सहायक उत्पादन अधिकारी दीपक कुमार की तहरीर पर कोतवाली रुद्रपुर में कॉपीराइट अधिनियम और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान सामने आया कि नफीस खान अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी NCERT पुस्तकों का संगठित नेटवर्क चला रहा था।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी अलग-अलग राज्यों में गोदाम किराये पर लेकर नकली किताबों का भंडारण करता था। बरेली से बरामद पुस्तकों को रुद्रपुर के गोदाम में रखा जाता था और कवर छपाई के लिए मथुरा भेजा जाता था। इसके बाद तैयार किताबों को राजस्थान के भरतपुर से विभिन्न स्थानों पर सप्लाई किया जाता था।
पुलिस ने आरोपी को 3 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी के खिलाफ पहले भी मेरठ और बरेली में धोखाधड़ी व कॉपीराइट उल्लंघन के मामले दर्ज हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि फर्जी और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


