न्यूज प्रिन्ट,रुद्रपुर। ग्राम शिवपुर स्थित काली मंदिर प्रांगण में राधे-राधे यंग क्लब की ओर से श्री सार्वजनिक मां काली पूजा का भव्य आयोजन पूरी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान जहां एक ओर विधिवत पूजा-अर्चना और हवन यज्ञ संपन्न हुआ, वहीं दूसरी ओर देर शाम आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनमोहक झांकियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों द्वारा दी गई प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने मां काली के चरणों में शीश नवाकर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन न केवल समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं, बल्कि हमारी समृद्ध परंपराओं को भी जीवित रखते हैं। उन्होंने युवाओं के इस प्रयास को प्रेरणादायक बताते हुए क्लब के सदस्यों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजक मंडल ने पूर्व विधायक ठुकराल का स्वागत करते हुए उन्हें अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य सुखदेव हालदार, क्षेत्र पंचायत सदस्य कमलेश मिस्त्री, ग्राम प्रधान शुभ मंगल राय, पूर्व ग्राम प्रधान नरेश तापली और लंबाखेड़ा क्षेत्र पंचायत सदस्य सरिता चौधरी मौजूद रहीं।
इसके अतिरिक्त समाजसेवी संजय ठुकराल, अजय नारायण सिंह और राजेश ग्रोवर ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। राधे-राधे यंग क्लब शिवपुर के विजय शिकारी, मिथुन मालाकार, कृष्णा तापली, राजेश तापली, महेश बाला, प्रेम सरकार, अनिकेत ढाली, देव ढाली, राजेश विश्वास, प्रकाश दास, रवि गाइन सहित क्लब के तमाम पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


