न्यूज प्रिन्ट, रुद्रपुर। कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा ने कहा कि भाजपा की सरकार गरीबों को उजाड़ रही है, जिससे प्रतीत होता है कि भाजपा सरकार जनता के हितों से खिलवाड़ कर रही है और उसे आम जनमानस से कोई लेना देना नहीं है। भाजपा सिर्फ वोटो की राजनीति करती है लेकिन आने वाले समय में अब यही जनता भाजपा को करारा जवाब देगी। अपने कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कांग्रेस नगर अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार के इशारे पर पिछले दिनों पहाडगंज, दूधिया नगर, प्रीत विहार में बुलडोजर चलाया गया और तमाम लोगों के आशियाने तोड़ दिए गए।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों को उजाडऩा चाहती है और पूंजी पतियों का साथ देती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता सिर्फ झूठी वाहवाही लूटना चाहते हैं लेकिन अब जनता इनके बहकावे में नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस की सरकार होती तो एक भी व्यक्ति का घर तोड़ा नहीं जाता। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता बुलडोजर के सामने सीना तानकर खड़ा रहता। शर्मा ने कहा कि अब भाजपा की इस जन विरोधी नीतियों से जनता त्रस्त हो चुकी है और आने वाले चुनाव में इसका करारा जवाब देगी।
पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा ने कहा कि जिस प्रकार से गरीबों को उजाड़ा जा रहा है। उसमें सरकार के साथ-साथ प्रशासन भी दोषी है, क्योंकि जब कहीं पर भी निर्माण किया जाता है तो यदि वह गलत है तो उसे तत्काल रोक दिया जाता है, लेकिन जब एक आम व्यक्ति अपनी सारी जमा पूंजी उसे निर्माण में लगा देता है तब जाकर प्रशासन उसे पर बुलडोजर चला कर उन्हें जिंदगी भर के लिए रोने के लिए छोड़ देता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आम जनमानस की हितेषी नहीं हो सकती जिसका जवाब अब जनता उसे देगी।