नोटिस के बाद कल्याणी और बेगुल नदी किनारे बसे लोगों में बढ़ी घबराहट
न्यूज़ प्रिंट, रुद्रपुर। अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की कार्यवाही के बाद कल्याणी और बेगुल नदी किनारे बसे लोग दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। इन लोगों ने किच्छा विधायक व डीएम सहित नगर निगम के अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी बात रखी है। बता दें कि जिला प्रशासन ने कल्याणी और बेगुल नदी के किनारे से अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिये हैं। प्रशासन ने इस संबंध में नोटिस भी जारी किये हैं। नोटिस जारी होते ही वहां के लोगों में हड़कंप मच गया। घबराये लोग शनिवार को किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के रुद्रपुर स्थित आवास पर पहुंचे। जहां उन्होंने बताया कि प्रशासन अतिक्रमण के नाम पर उनके आशियानों को उजाडऩा चाह रहा है, जिससे वह सभी सड़कों पर आ जाएंगे। उन्होंने विधायक से हस्तक्षेप कर उनके घरों को बचाने की गुहार लगायी। जिस पर विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार लोगों के घरों को उजाडऩे में लगी है। स्थानीय विधायक अगर चाहेंगे तो ऐसा होने से रुक जाएगा। इसके बाद सभी लोग डीएम कार्यालय गये जहां डीएम ने स्पष्ट रूप से कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई को रोका नहीं जाएगा। इसके बाद लोगों ने निगम जाकर अपनी गुहार लगायी है।
कांग्रेस नेता ने आत्महत्या की दी धमकी
रुद्रपुर। कांग्रेस नेता परवेज कुरैशी ने लोगों के घरों को तोड़े जाने की दशा में आत्महत्या की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि गरीबों के आशियाने पर बुलडोजर चलने से पहले उसको उनके ऊपर से गुजरना होगा। उन्होंने कहा कि वह किसी भी हाल में गरीबों की छत को उजडऩे नहीं देंगे।