33.2 C
Rudrapur
Thursday, March 12, 2026

Rudrapur: पूर्णागिरि दर्शन को जा रहे रुद्रपुर के युवक की सड़क हादसे में मौत, साथी घायल, लावारिस गौवंश बना हादसे की वजह

अवश्य पढ़ें

खटीमा। मां पूर्णागिरि के दर्शन के लिए निकले दो श्रद्धालुओं की यात्रा दर्दनाक हादसे में तब्दील हो गई। मंगलवार रात को खटीमा के पहेनिया-कुटरी हाईवे पर बाइक से यात्रा कर रहे रुद्रपुर निवासी दो युवक एक लावारिस गौवंशी पशु से टकरा गए। इस हादसे में २१ वर्षीय अमन गंगवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी शुभम रस्तोगी घायल हो गया, जिसे खटीमा नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमन गंगवार पुत्र राजीव गंगवार निवासी ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर अपने मित्र शुभम रस्तोगी (२२), पुत्र प्रमोद रस्तोगी के साथ बाइक से टनकपुर स्थित मां पूर्णागिरि मंदिर के दर्शन को जा रहे थे। देर रात जब दोनों पहेनिया-कुटरी हाईवे बाईपास से गुजर रहे थे, तभी सड़क पर बैठे एक लावारिस गौवंश से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस व पुलिस को सूचित किया। दोनों घायलों को उप जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां डॉक्टरों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। शुभम का उपचार जारी है और उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। अमन अविवाहित था और रुद्रपुर में एक निजी कंपनी में कार्यरत था। मृतक के पिता भी एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। परिवार मूल रूप से बीसलपुर, यूपी के अकबराबाद गांव का रहने वाला है। अमन घर का इकलौता बेटा था, जिसकी मौत से मां हीरावती समेत पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

गौरतलब है कि पहेनिया-कुटरी हाईवे क्षेत्र में निर्माण के बाद से ही सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। तेज रफ्तार वाहन, रोड क्रॉसिंग की अव्यवस्था, चेतावनी बोर्डों की कमी और लावारिस पशुओं की मौजूदगी के चलते यह मार्ग च्मौत का हाईवेज् बनता जा रहा है। बीती रात का यह हादसा भी उसी लापरवाही की कड़ी में जुड़ गया, जिसमें एक युवा श्रद्धालु को अपनी जान गंवानी पड़ी।

- Advertisement -spot_img

अधिक समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताजा खबर