न्यूज प्रिन्ट, रुद्रपुर। रुद्रपुर कांग्रेस एक बार फिर अंदरूनी कलह की चपेट में आ गई है। हाल ही में बड़े नेताओं के बीच चली जुबानी जंग के शांत होने के बाद अब महानगर अध्यक्ष सी.पी. शर्मा को हटाने की मांग जोर पकडऩे लगी है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में ‘महानगर अध्यक्ष हटाओ, कांग्रेस बचाओ के नारे का एक पोस्टर वाला वीडियो बहुत तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा हैं।
वायरल वीडियो में महानगर अध्यक्ष सी.पी. शर्मा की तस्वीर के साथ यह दावा किया गया है कि उनके नेतृत्व के चलते कई पार्षदों के मजबूत दावेदारों के टिकट काट दिए गए, जिससे पार्टी को नुकसान उठाना पड़ा। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि शर्मा की कार्यशैली के कारण कांग्रेस कमजोर हो रही है और कई सीटों पर पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब कुछ ही दिन पहले किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ और किसान कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष हरेंद्र सिंह लाड़ी के बीच भी तीखी बयानबाज़ी हुई थी। अब इस नई राजनीतिक हलचल ने कांग्रेस की आंतरिक स्थिति को और उजागर कर दिया है।
वीडियो में कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब तक महानगर अध्यक्ष सी.पी. शर्मा पद पर बने रहेंगे, तब तक कांग्रेस में मजबूती नहीं आ सकेगी। कार्यकर्ताओं का कहना है कि संगठन को पुनर्गठित करने के लिए नेतृत्व में बदलाव जरूरी है। अब देखना यह होगा कि प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व इस बढ़ते असंतोष पर क्या रुख अपनाता है और क्या नगर अध्यक्ष के भविष्य को लेकर कोई बड़ा निर्णय लेता है।