संभल। जनता इंटर कॉलेज की दीवार से टकराकर एक तेज़ रफ्तार बोलेरो के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से शुक्रवार शाम दूल्हे समेत आठ लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब दूल्हा सूरजपाल बारात लेकर घर से रवाना हुआ था। बोलेरो में कुल 10 लोग सवार थे, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
घटना थाना जुनावई क्षेत्र के हरगोविंदपुर गांव की है, जहां 19 वर्षीय सूरजपाल की शादी बदायूं के सिरासौल गांव में तय थी। शाम करीब सात बजे जैसे ही बारात घर से निकली, मात्र 10 मिनट बाद ही हादसे की खबर लौट आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो की रफ्तार बहुत तेज थी और वाहन पलटने के बाद सड़क पर घिसटते हुए स्कूल की दीवार से जा टकराया।
मृतकों में दूल्हा भी शामिल
हादसे में दूल्हा सूरजपाल, उसकी भाभी आशा (26), दो वर्षीय भतीजी ऐश्वर्या, एक वर्षीय गणेश, कोमल, बहन मधु, चालक रवि और बहनोई सचिन की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल गणेश के पिता देवा और एक अन्य घायल हिमांशी को अलीगढ़ रेफर किया गया है।
SP ने बताया कारण
एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक द्वारा नियंत्रण खोना माना जा रहा है। बोलेरो बहुत तेज गति में थी, जिससे टक्कर भीषण हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने जेसीबी से कॉलेज गेट तोड़कर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव और क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। जिस घर में शादी की रौनक थी, अब वहां मातम पसरा है।
