सोशल मीडिया पर बयानबाजी से बचें, पार्टी फोरम में अपनी बात रखें: गोदियाल
न्यूज प्रिन्ट, देहरादून। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि पार्टी में कौन शामिल होगा और कौन नहीं, इसका अंतिम निर्णय हाईकमान करेगा। उन्होंने नेताओं से अपील की कि किसी भी मसले पर सोशल मीडिया पर बयानबाजी करने के बजाय पार्टी फोरम में अपनी बात रखें। पार्टी में शामिल होने वाले 18 लोगों की सूची हाईकमान को दी गई थी। स्क्रीनिंग के बाद पहले चरण में छह नेताओं को शामिल किया गया।

अन्य नामों पर भी जल्द ही निर्णय लिया जाएगा। गोदियाल ने बताया कि भाजपा से नाराज लोग बड़ी संख्या में कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं और यह प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी। इसके अलावा, प्रदेश में एलपीजी गैस की किल्लत और कालाबाजारी पर गोदियाल ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यदि राज्य में गैस की कोई कमी नहीं है, तो सरकार को इस पर जनता के सामने स्पष्ट स्थिति रखनी चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि गैस संकट यदि दूर नहीं हुआ तो चारधाम यात्रा और इससे जुड़े रोजगार पर असर पड़ेगा।


