किसानों के हित में तुरंत समाधान का भरोसा।धीरेंद्र मिश्रा
न्यूज प्रिंट रुद्रपुर में उत्तराखंड सरकार के किसान आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नामधारी के प्रथम जिला आगमन पर कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके सफल और उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री धीरेंद्र मिश्रा ने भी भाग लिया और किसानों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नामधारी से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हमेशा किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी उनके कल्याण के लिए लगातार कार्य करती रहेगी।
धीरेंद्र मिश्रा ने अपने बयान में कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि नामधारी के कुशल नेतृत्व में प्रदेश के किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान होगा और कृषि क्षेत्र नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंच रहा है और डिजिटल आईडी जैसी पहल से किसानों को और अधिक सुविधा मिलेगी।
उन्होंने आगे कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। गेहूं खरीद केंद्रों पर व्यवस्थाएं बेहतर की जा रही हैं और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
मिश्रा ने कहा कि भाजपा सरकार गरीब और किसान वर्ग की सच्ची हितैषी है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार किसान कल्याणकारी योजनाएं लागू की जा रही हैं, जिनका लाभ जमीनी स्तर पर किसानों तक पहुंच रहा है।


