35.1 C
Rudrapur
Friday, May 15, 2026

प्रदेश में दूसरा स्थान पाने वाली प्राची को महापौर ने किया सम्मानित

अवश्य पढ़ें

बिना ट्यूशन 98.6 प्रतिशत अंक हासिल कर रूद्रपुर का नाम रोशन करने पर दी बधाई

न्यूज प्रिन्ट,रुद्रपुर। सीबीएसई बोर्ड 12वीं की परीक्षा में पूरे उत्तराखंड की मेरिट लिस्ट में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली जेसीज पब्लिक स्कूल की होनहार छात्रा प्राची मटेला को शहर के प्रथम नागरिक और महापौर विकास शर्मा ने कौशल्या फेज-2 स्थित उनके निवास पर जाकर विशेष रूप से सम्मानित किया। इस दौरान महापौर ने प्राची और उनके माता-पिता को इस ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्राची के घर पहुंचे महापौर विकास शर्मा ने कहा कि अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, कड़ी मेहनत और बिना किसी ट्यूशन-कोचिंग के बल पर प्राची ने 12वीं में 98.6 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।

उन्होंने न केवल अपने परिवार का बल्कि पूरे रुद्रपुर शहर का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। प्राची ने संपूर्ण उत्तराखंड की वरीयता सूची में दूसरा स्थान प्राप्त कर यह साबित कर दिया कि यदि हौसले बुलंद हों, तो बिना किसी बाहरी सहारे या महंगे ट्यूशन के भी सफलता का सर्वाेच्च शिखर छुआ जा सकता है। महापौर ने प्राची के पारिवारिक पृष्ठभूमि की सराहना करते हुए कहा कि वह एक प्रतिष्ठित और कलाप्रेमी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता वीर विक्रम सिंह राजस्व विभाग अल्मोड़ा में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता दीपा मटेला (दीपा पहाड़ी) उत्तराखंड की सुप्रसिद्ध ऐपण आर्टिस्ट हैं, जिन्होंने देवभूमि की पारंपरिक ऐपण कला को देश-विदेश तक पहुंचाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दी है।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि इस बेटी की सफलता इसलिए और भी खास व अनुकरणीय है, क्योंकि प्राची ने बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए किसी कोचिंग का सहारा नहीं लिया। उन्होंने सालभर खुद ही रात-रात भर जागकर सेल्फ स्टडी की। यही नहीं, अपनी पढ़ाई के साथ-साथ प्राची अपनी मां के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और उनके ऐपण के बिजनेस को भी बखूबी संभालती रहीं। उन्होंने डिजिटल प्रबंधन, पारिवारिक सहयोग और अपनी पढ़ाई के बीच जो बेहतरीन संतुलन बनाया, उसी का परिणाम है कि आज उन्होंने इस असाधारण मुकाम को हासिल किया है। प्राची ने कला वर्ग के मनोविज्ञान विषय में 100 में से 100 अंक पाकर अपनी अद्वितीय मेधा का लोहा मनवाया है।

प्राची की भविष्य में आईएएस बनकर देश की सेवा करने की इच्छा पर महापौर ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि जिस तरह का अनुशासित और प्रेरणादायी माहौल उनके परिवार का है, उसे देखते हुए निश्चित रूप से प्राची अपने इस बड़े लक्ष्य को भी हासिल करेंगी। उन्होंने कहा कि बच्चों की सफलता में माता-पिता का योगदान सबसे अहम होता है और प्राची की यह लगन आज के तमाम युवाओं और बच्चों के लिए प्रेरणादायी है।

- Advertisement -spot_img

अधिक समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताजा खबर