spot_img

Rudrapur: रुद्रपुर में युवक के अपहरण और जानलेवा हमले के मामले में मुकदमा दर्ज, नवीन खेड़ा समेत कई नामजद

अवश्य पढ़ें

spot_img

गाड़ी क्रॉस करने को लेकर हुआ था विवाद, स्कॉर्पियो और फॉर्च्यूनर में जबरन बैठाकर ले जाने तथा धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप

न्यूज़ प्रिंट, रुद्रपुर। भूरारानी क्षेत्र में गाड़ी क्रॉस करने को लेकर हुए विवाद के बाद युवक का अपहरण कर बेरहमी से मारपीट करने के मामले में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। वार्ड नंबर 32 दुर्गा कॉलोनी, भूरारानी निवासी वीरू पुत्र मकसूदन साहनी की तहरीर पर नवीन खेड़ा, उसके दोनों बेटों विवेक खेड़ा और राघव खेड़ा समेत कई लोगों को नामजद किया गया है।
शिकायतकर्ता वीरू के अनुसार, 9 नवंबर की शाम करीब सात बजे भूरारानी रोड पर गाड़ी क्रॉस करने को लेकर राघव खेड़ा के साथ उसकी कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते नवीन खेड़ा करीब 20 से 25 साथियों के साथ उसके घर पहुंचा और जबरन घर में घुसकर उसकी तलाश करने लगा।
आरोप है कि बाद में सभी आरोपी स्कॉर्पियो और फॉर्च्यूनर गाड़ियों से ठंडी सड़क पहुंचे और वहां से वीरू तथा उसके दोस्त को जबरन गाड़ियों में बैठाकर एक कॉलोनी में ले गए। वहां दोनों के साथ लाठी-डंडों, लोहे की रॉड, बेल्ट और धारदार हथियारों से मारपीट की गई। हमले में वीरू के सिर पर दो जगह गंभीर चोट आई, जबकि हाथ की उंगली भी बुरी तरह कट गई।
तहरीर के मुताबिक, आरोपी दोनों घायलों को हंस विहार स्थित फार्म हाउस पर ले गए, जहां कथित तौर पर डॉक्टर को बुलाकर उनके घावों पर टांके लगवाए गए। इसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पुलिस में शिकायत करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के साथ ही अपने और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

- Advertisement -spot_img

अधिक समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताजा खबर