न्यूज प्रिन्ट,रुद्रपुर। सरदार पटेल मंडल ट्रांजिट कैंप में भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा की मंडल स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन की गतिविधियों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल मौर्य ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनसंपर्क का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं, विकास कार्यों और संगठन की गतिविधियों को तथ्यात्मक एवं सकारात्मक तरीके से लोगों तक पहुंचाएं। साथ ही भ्रामक सूचनाओं का तथ्यों के आधार पर जवाब देकर संगठन की विचारधारा को मजबूती से प्रस्तुत करने का भी आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केंद्र और उत्तराखंड सरकार द्वारा गरीब, किसान, महिला, युवा तथा पिछड़े वर्ग के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने, डिजिटल माध्यमों का अधिक से अधिक उपयोग करने तथा बूथ स्तर तक जनसंपर्क अभियान को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर संदीप बाजवा, ललित राठौर, प्रेमपाल गंगवार, भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष रवि रस्तोगी, अजय मौर्य, मंडल अध्यक्ष सत्यपाल गंगवार, कृष्णपाल गंगवार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


