कई बस्तियों में कई फीट पानी भरा, जनप्रतिनिधियों ने सड़कों पर उतरकर लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की
न्यूज प्रिन्ट,रुद्रपुर। लगातार हो रही बारिश के चलते रुद्रपुर शहर में जलभराव की स्थिति गंभीर होती जा रही है। बारिश के कारण कल्याणी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे शहर की कई मलिन बस्तियों और निचले इलाकों में कई-कई फीट तक पानी भर गया। जलभराव के चलते दर्जनों घर पानी की चपेट में आ गए और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा

मौसम विभाग की ओर से मंगलवार रात ही जिले में भारी बारिश की आशंका को लेकर अलर्ट जारी किया गया था। इसके मद्देनजर प्रशासन ने सरकारी व निजी स्कूलों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के निर्देश जारी किए थे। बुधवार सुबह अचानक मौसम ने करवट ली और घने बादलों के बीच मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। लगातार बारिश के बाद कल्याणी नदी का जलस्तर बढ़ने लगा और देखते ही देखते आसपास के निचले इलाकों में पानी भर गया।
शहर के जगतपुरा, आवास विकास, दरिया नगर, ट्रांजिट कैंप, रमपुरा, भदईपुरा और मुख्य बाजार समेत कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। कुछ इलाकों में पानी कई फीट तक पहुंचने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। कई मकानों में पानी घुसने के बाद लोगों को घरों की छतों का सहारा लेना पड़ा।
हालात बिगड़ते देख विभिन्न वार्डों के पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधि भी अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों पर उतरे। उन्होंने जलभराव वाले इलाकों का जायजा लेते हुए लोगों से सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने की अपील की।
लगातार बारिश के चलते शहर में स्थिति फिलहाल सामान्य नहीं हो पाई है। बारिश का दौर जारी रहने से निचले इलाकों में जलस्तर और बढ़ने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से लोगों से सतर्क रहने तथा अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में न जाने की अपील की जा रही है।


