पटना में महागठबंधन का प्रदर्शन, बैरिकेड पर चढ़े तेजस्वी यादव; चुनाव आयोग के खिलाफ जताया विरोध
न्यूज प्रिन्ट पटना। बिहार की राजधानी पटना में गुरुवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महागठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेड के पास काफी देर तक नारेबाजी होती रही।
प्रदर्शन के दौरान तेजस्वी यादव बैरिकेड पर चढ़ गए। उनकी यह तस्वीर चर्चा का विषय बन गई। इससे पहले दिल्ली में एक विरोध प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी बैरिकेड पर चढ़ते नजर आए थे।
पटना में प्रदर्शन के लिए सुबह से ही विधानसभा के सामने सचिवालय थाना क्षेत्र में महागठबंधन के समर्थकों और नेताओं की भीड़ जुटने लगी थी। करीब 9:45 बजे के बाद प्रदर्शन तेज हुआ। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी।
तेजस्वी यादव के अलावा प्रदर्शन में कई विधायक और पूर्व विधायक भी शामिल हुए। विरोध प्रदर्शन के दौरान अलग-अलग नेताओं के विरोध जताने के तरीके भी चर्चा में रहे। एक वामपंथी पूर्व विधायक काफी देर तक मीडिया कैमरों के सामने जमीन पर लेटे नजर आए।
महागठबंधन के नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर अपना विरोध दर्ज कराया। यह प्रदर्शन राज्य के विभिन्न हिस्सों में चल रहे विरोध कार्यक्रमों की अगली कड़ी के तौर पर आयोजित किया गया।





