न्यूज़ प्रिन्ट पंचूर/हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते समय भावुक हो गए। शनिवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित पैतृक गांव पंचूर में मां के अंतिम दर्शन के दौरान उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और अर्थी को कंधा दिया।

सावित्री देवी का शुक्रवार को 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। मां के निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री परिवार के बीच पहुंचे थे। बताया गया कि वह रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे और उन्हें निहारते रहे। शनिवार सुबह अंतिम दर्शन के दौरान भी वह काफी भावुक नजर आए।

मां की अंतिम यात्रा पंचूर गांव से हरिद्वार के चंडीघाट पहुंची, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। सीएम योगी के छोटे भाई ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों ने नम आंखों से सावित्री देवी को विदाई दी।


सावित्री देवी लंबे समय से बीमार थीं। पिछले कुछ वर्षों में उन्हें एम्स ऋषिकेश और जौलीग्रांट अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था। दोनों बार मुख्यमंत्री उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे। उनके निधन से पंचूर गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है।






