कद्दावर नेता सुरेश ने सोमवार को थामा था कमल, जगह-जगह हो रहा स्वागत
बबलू पाल न्यूज़ प्रिंट रुद्रपुर। कांगे्रस पार्टी में लंबे समय तक आस्था रखने वाले रुद्रपुर के कद्दावर नेता सुरेश गौरी ने अपने तमाम समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थाम लिया है। गौरी के भाजपा में शामिल होने से पार्टी को काफी मजबूती मिलेगी। जिसका फायदा लोकसभा चुनाव से लेकर निकाय चुनाव में भी भाजपा को मिलने वाला है। सुरेश रुद्रपुर के स्थानीय नेताओं में बड़े कद्दावर नेता माने जाते हैं। उनके अनुसार वह बचपन से ही कांग्रेस में अपनी आस्था रखते थे और देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के विचारों से खासे प्रभावित थे। कांग्रेस पार्टी उनके रग-रग में समायी हुई थी। कांग्रेस पार्टी से ही उन्होंने अपने राजनीतिक कैरियर की शुरुआत की थी। वर्ष 1994 में वह हल्दी के कांग्रेस नगर अध्यक्ष बने, जहां से उन्होंने सक्रिय राजनीति की शुरुआत की। उन्होंने राजेश शुक्ला के साथ भी काफी संघर्ष किया। जब राजेश शुक्ला एनएसयूआई के अध्यक्ष रहे तो उनके साथ मिलकर उन्होंने काफी काम किया साथ ही उत्तराखंड राज्य बनने की लड़ाई में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई और कई आंदोलन का हिस्सा रहे। गौरी साल 2012 में फुलसुंगी ग्राम सभा के ग्राम प्रधान बने। वह फुलसुंगी ग्राम सभा के आखिरी प्रधान थे इसके बाद फुलसुंगी के निगम क्षेत्र में शामिल होने के बाद गौरी वहां से पार्षद बन गये। गौरी कांग्रेस जिला श्रम प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष वर्ष 2014 तक रहे तथा इसी वर्ष से अब तक वह कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता के रूप में भी कार्य करते रहे। निकाय चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद से वह लगातार दस वर्षों से क्षेत्रीय लोगों की सेवा कर रहे हैं। बता दें कि उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव के बीच रुद्रपुर में बड़ी संख्या में कांगे्रस नेताओं ने पार्टी को बाय-बाय बोल दिया है। सुरेश गौरी के नेतृत्व में तमाम नेताओं ने सोमवार को विधायक शिव अरोरा व सांसद प्रत्याशी अजय भट्ट के सामने भाजपा का दामन थाम लिया है। भाजपा में शामिल होने के बाद गौरी ने कहा कि कांग्रेस से लगातार मिल रही उपेक्षा के कारण उनका मोह भंग हो गया। क्योंकि यहां का शीर्ष नेतृत्व बेहद लचीला है और आपसी फूट का नतीजा है कि जो लगातार कांग्रेस के कर्मठ कार्यकर्ता पार्टी को छोड़कर जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में एकजुटता का अभाव है जो दर्शाता है कि कांग्रेस में नेतृत्व दिशाविहीन हो चुका है। कोई भी बड़ा नेता कार्यकर्ताओं को एकजुट नहीं कर पाता। सभी नेताओं की अपनी डफली और अपना राज होता है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में 10 से अधिक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी है जो कट्टर कांग्रेसी रहे हैं, लेकिन आज तक कोई भी कांग्रेस का नेता उन्हें पूछने तक नहीं जाता। जिन्होंने कांग्रेस में जाकर अपना पूरा जीवन अर्पण कर दिया। ऐसे में कांग्रेस के नेताओं कि सोच सामने आती है कि वह किस प्रकार कार्यकर्ताओं से लेकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को भी उपेक्षित करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों को भाजपा के मैनेजमेंट से सीख लेनी चाहिए कि किस प्रकार भाजपा एक छोटे से छोटे कार्यकर्ता से लेकर बड़े से बड़े नेता को समान समझती है और सभी को जिम्मेदारी देती है ताकि अपने दायित्व का निर्वहन कर सकें। उन्होंने कहा कि पूरे उत्तराखंड में कांग्रेस का ग्राफ लगातार गिरता जा रहा है जो आगे भी कम होने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि वह भाजपा के परिवार में शामिल हो चुके हैं और पूरी निष्ठा से भाजपा की रीति नीति से जनता को अवगत कराएंगे और पार्टी के हित में सदेव कार्य करेंगे। गौरी ने कहा की पूरे उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश में भाजपा की लहर चल रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 400 पार का नारा पूरी तरह से साकार होगा और केंद्र में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चहुंमुखी विकास किया जा रहा है ऐसे में राज्य के लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है जो आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होने के बाद उनको एक नई ऊर्जा मिली है और वह इस ऊर्जा के साथ अब जनता के कार्यों को अंजाम देंगे, ताकि आम जनमानस को सरकार की योजनाओं के लिए परेशान ना होना पड़े। उन्होंने कहा कि भाजपा जिस रणनीति से कार्य करती है वह बेहद सराहनीय है क्योंकि भाजपा की हर योजना का लाभ आम जनमानस तक पहुंचता है। बहरहाल, सुरेश गौरी के भाजपा में आने से जहां पार्टी को मजबूती मिलेगी। वहीं, कांगे्रस को बड़ा नुकसान हुआ है।
कांग्रेस है डूबता जहाज कोई नहीं सवारी करना चाहता -प्रीत
रुद्रपुर -वरिष्ठ भाजपा नेता प्रीत ग्रोवर ने कहा कि कांग्रेस अब एक डूबता हुआ जहाज बन चुका है जिस पर अब कोई भी सवारी नहीं करना चाहता। ऐसे में कांग्रेस के इस डूबते हुए जहाज से लगातार पलायन हो रहा है, जिससे तय हो गया है कि कांग्रेस की यह नाव अब डूबने वाली है। जारी बयान में ग्रोवर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ,मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की नीतियों से प्रभावित होकर तमाम कांग्रेस के दिग्गजों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की ।विधायक शिव अरोड़ा लगातार जनसंपर्क में जुटे हुए हैं और जिस प्रकार से वह जनता में जोश भर रहे हैं उससे प्रभावित होकर कांग्रेस के नेता उनके नेतृत्व में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं ।ग्रोवर ने कहा की लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट ऐतिहासिक जीत हासिल करेंगे और कांग्रेस प्रत्याशी को बूथ पर भी अपने कार्यकर्ता नजर नहीं आएंगे। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक शिव अरोरा अब विकास का पर्याय बन चुके हैं ।उन्होंने अपने कार्यकाल में विकास की गंगा बहा दी है और लगातार पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि फिर से देश की कमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संभालेंगे और देश की जनता पीएम मोदी के 400 पार के नारे को सार्थक करेगी।
कांग्रेस में नहीं है कार्यकर्ताो का सामान: तनेजा
रुद्रपुर -लोकसभा चुनाव से पहले जिस प्रकार से रुद्रपुर में कांग्रेस की उठापटक हुई है उससे एक और जहां भाजपा नई ऊर्जा के साथ चुनाव प्रचार में जुटी हुई है वहीं कांग्रेस अपने घर को भी नहीं संभाल पा रही। 2 दिन पहले कांग्रेस जिला अध्यक्ष हिमांशु गावा ने कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष जगदीश सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। जिस पर तनेजा ने कांग्रेस पार्टी पर कई आरोप लगाए और पिछले दिन उन्होंने भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट और विधायक शिव अरोरा के समक्ष अपने सैकड़ो समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ले ली। तनेजा के अलावा पूर्व पार्षद रमेश कालडा, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के करीबी कहे जाने वाले हरीश जलहोत्रा, गुरदीप सिंह गावा, कांग्रेस पार्षद अमित मिश्रा समेत कई दिग्गज कांग्रेसी भी कांग्रेस को टाटा बाय-बाय कर चुके हैं।
पूर्व कांग्रेसी पार्षद मिश्रा ने भी भाजपा में घोली मिश्री
रुद्रपुर –भारतीय जनता पार्टी में लगातार चाशनी का तड़का बढ़ता जा रहा है अब कांग्रेस के पूर्व पार्षद अमित मिश्रा बिट्टू ने भी कांग्रेस को तिलांजलि देते हुए भाजपा में मिश्री घोल दी है जिससे भाजपा की मिठास लगातार बढ़ती जा रही है। वार्ड नंबर 21 रमपुरा, भूतबंगला के पूर्व कांग्रेसी पार्षद अमित मिश्रा ने बीते दिवस भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट और विधायक शिव अरोरा के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में जूनियर से लेकर सीनियर नेताओं को कोई महत्व नहीं दिया जाता और कांग्रेस में गिने-चुने लोगों की मनमानी चलती है, ऐसे में हर कांग्रेसी अपने आप को उपेक्षित महसूस कर रहा है, जिसके चलते लगातार पार्टी से पलायन का दौर जारी है ।उन्होंने कहा भाजपा सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान करती है और भाजपा ही विकास की पर्याय है क्योंकि क्षेत्र की जनता सिर्फ विकास चाहती है ऐसे में वह भाजपा से जुड़कर अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं और अब भाजपा के कार्यकर्ता के रुप मैं अपने क्षेत्र का निरंतर विकास करेंगे।