न्यूज प्रिन्ट, रुद्रपुर। महापौर विकास शर्मा ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नगर निगम क्षेत्र में 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
इन परियोजनाओं में नगर निगम मुख्य कार्यालय भवन का पुनर्निर्माण, मुख्यमंत्री घोषणा के तहत विभिन्न वार्डों में 17 विकास कार्य, सब्जी मंडी, देवभूमि रजत जयंती पार्क, यूआईडीएफ के अंतर्गत चार विकास कार्य, शहर के विभिन्न मार्गों पर हॉटमिक्स कार्य, वेडिंग जोन फेस-02, स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइट कार्य शामिल हैं।

इसके अलावा वार्डों में ओपन जिम व झूले, आईओसीएल के सहयोग से पेट्रोल पंप, सीएसआर के तहत बजाज सखी स्किल सेंटर, वीर हकीकत राय मार्ग, घंटाघर चौक, अंबेडकर पार्क, डमरू चौक, त्रिशूल चौक, निगम बाजार व सड़क निर्माण, गौशाला, 08 आरोग्य मंदिर, फ्रेश वेस्ट प्लांट तथा विभिन्न निर्माण कार्य भी शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता वाहनों, शव वाहन, अतिक्रमण विरोधी वाहन और जेसीबी मशीन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। महापौर ने कहा कि इन सभी परियोजनाओं से शहर के आधारभूत ढांचे और नागरिक सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा।


