न्यूज प्रिन्ट,रुद्रपुर। वार्ड-31 के पूर्व पार्षद एवं पार्षद पति और भाजपा नेता सचिन मुंजाल को पुलिस ने गैर-जमानती वारंट (NBW) के तहत गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई। जानकारी के अनुसार, चेक बाउंस से जुड़े एक मामले (धारा 138 एनआई एक्ट) में 27 फरवरी 2025 को चतुर्थ सीनियर सिविल जज, रुद्रपुर की अदालत ने सचिन मुंजाल को दोषी ठहराते हुए छह माह की सजा और 70 हजार रुपये के जुर्माने से दंडित किया था। इस फैसले के खिलाफ मुंजाल ने सत्र न्यायालय में अपील दायर की थी, लेकिन सुनवाई के दौरान वह लगातार अदालत में पेश नहीं हुआ। इसके चलते कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया। कोतवाली ट्रांजिट कैंप पुलिस ने वारंट के अनुपालन में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। घटना के बाद क्षेत्रीय राजनीति में भी हलचल देखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि न्यायालय के आदेशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और कानून से ऊपर कोई नहीं है।