न्यूज एजेंसी,नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजधानी दिल्ली को &&,500 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर चालू किए गए, जिनमें से एक कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली को देश की पहली रिंग मेट्रो मिली। वहीं, तीन अन्य कॉरिडोर की नींव भी रखी गई। प्रधानमंत्री मोदी ने मजलिस पार्क-मौजपुर बाबरपुर (पिंक लाइन) और दीपाली चौक-मजलिस पार्क (मैजेंटा लाइन) कॉरिडोर का उद्घाटन किया। नई कनेक्टिविटी से बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क सहित दिल्ली के कई इलाकों को सुविधा मिलेगी।
पीएम मोदी ने कहा कि पूर्व की आपदा सरकार ने राजनीतिक स्वार्थ के लिए दिल्ली के विकास को रोक रखा था, लेकिन अब भाजपा सरकार के कार्यकाल में चौतरफा विकास में तेजी आई है। उन्होंने मेट्रो के नए सेक्शन से राजधानी के लाखों लोगों की यात्रा आसान होने का दावा किया। साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और यमुना नदी की सफाई जैसी योजनाओं से भी दिल्ली और एनसीआर के नागरिकों को लाभ मिलेगा। उन्होंने टीएमसी पर हमला करते हुए कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम का बहिष्कार करना न केवल राष्ट्रपति का बल्कि संविधान और लोकतंत्र का भी अपमान है। इस परियोजना के तहत जनरल पूल रेजिडेंशियल अकोमोडेशन (जीपीआरए) पुनर्विकास योजना सहित कई विकास परियोजनाएं शामिल हैं। नई मेट्रो रिंग से दिल्ली में ट्रांजिट का नक्शा बदलने और एनसीआर कनेक्टिविटी को मजबूत करने की उम्मीद है।


