न्यूज प्रिन्ट, देहरादून। उत्तराखंड में अवैध मदरसों के खिलाफ धामी सरकार की कार्रवाई लगातार जारी है। अब तक प्रदेश भर में 110 मदरसों को सील किया जा चुका है, जो बिना सरकार की अनुमति के चलाए जा रहे थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए प्रशासन को पूरी स्वतंत्रता दी है, जिससे यह अभियान तेजी से चल रहा है।
बृहस्पतिवार को रुद्रपुर में 4, किच्छा में 8, बाजपुर में 3, जसपुर में 1 और हरिद्वार में 2 अवैध मदरसों को सील किया गया। इससे पहले देहरादून और पौड़ी जिले में भी 92 मदरसों को सील किया गया था। अब तक उधम सिंह नगर में 16 और हरिद्वार में 2 मदरसों को सील किया जा चुका है
मुख्यमंत्री धामी ने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि इन अवैध मदरसों के संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि यहां पर छात्रों को किस प्रकार की शिक्षा दी जा रही थी। इसके साथ ही प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि इतने बड़े पैमाने पर चल रहे अवैध मदरसों के पीछे कौन लोग हैं।
धामी का साफ संदेश है कि प्रदेश के सांस्कृतिक और सामाजिक ताने-बाने के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी धर्म की आड़ में अवैध गतिविधियों में लिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।