सिडकुल के विकास और उद्योगों की मजबूती पर बनी रणनीति,
न्यूज़ प्रिंट रुद्रपुर । SIDCUL Entrepreneur Welfare Society (SEWS) की वार्षिक आमसभा (AGM-2026) का आयोजन रुद्रपुर के वीनस होटल में संपन्न हुआ। आमसभा के दौरान संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें गजेंद्र सिंह को सर्वसम्मति से नया अध्यक्ष चुना गया। वहीं श्रीकर सिन्हा अब पूर्व अध्यक्ष की भूमिका में रहेंगे। बैठक में औद्योगिक विकास, निवेश, रोजगार और उत्तराखंड के औद्योगिक भविष्य को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।कार्यक्रम में सिडकुल पंतनगर एवं आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों की विभिन्न कंपनियों के प्लांट हेड, एचआर हेड, उद्योग प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रबंधन अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस वर्ष की थीम “Empowering Industries for Viksit Bharat 2047” रही, जिसके तहत उद्योगों को विकसित भारत के निर्माण का प्रमुख आधार बनाने पर जोर दिया गया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष गजेंद्र सिंह ने कहा कि SEWS उद्योगों की समस्याओं के समाधान, निवेश को बढ़ावा देने, रोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा उद्योग और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने सभी सदस्य उद्योगों से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।पूर्व अध्यक्ष श्रीकर सिन्हा ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। संस्था के संस्थापक अजय तिवारी और संजय सिंघल ने संगठन की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए औद्योगिक हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में औद्योगिक विकास, कौशल विकास, श्रमिक कल्याण, प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय, निवेश प्रोत्साहन, औद्योगिक सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और भविष्य की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। महिला सशक्तिकरण, उद्योगों में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया गया।कार्यक्रम में संतोष रगोड़े, ललिता जोशी, विनीत शर्मा, उत्तम सिंह, तेज राम बघेल, अनूप सिंह, नकवी, वीपी सिंह, संजय सिंह, रवि शरण, राजेश मिश्रा, गौरव सिंह सोलंकी, सुनील शर्मा सहित संगठन की कार्यकारिणी और कोर टीम के सदस्य उपस्थित रहे।अंत में सभी सदस्य उद्योगों ने “Empowering Industries for Viksit Bharat 2047” के संकल्प को साकार करने तथा उत्तराखंड को देश के अग्रणी औद्योगिक राज्यों में स्थापित करने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।



