विभिन्न विभागों ने कैंप के माध्यम से जनता को किया लाभांवित
न्यूज प्रिन्ट, किच्छा। प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर ‘सेवा, सुशासन और विकास’ की थीम के अंतर्गत खेल मैदान किच्छा में एक भव्य समारोह का आयोजन हुआ। इस अवसर पर विशाल शिविर का आयोजन कर जनता को सरकार की नीतियों और योजनाओं की जानकारी का प्रसार-प्रचार भी किया गया। शिविर में 20 से अधिक विभागों ने अपने स्टॉल लगाए, जहां नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा नि:शुल्क चिकित्सा जांच एवं ब्लड डोनेशन कैम्प लगाया गया। जबकि पंचायती राज एवं राजस्व विभाग द्वारा प्रमाण पत्रों का पंजीकरण किया गया। कृषि और उद्यान विभाग ने किसानों को आधुनिक तकनीकों और सब्सिडी की जानकारी दी, जबकि मत्स्य एवं पशुपालन विभाग ने स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
मुख्य अतिथि पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के संकल्प को साकार करते हुए ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उत्तराखंड पहला राज्य है जिसने समान नागरिक संहिता को लागू कर समानता की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम उठाया है। इसके साथ ही, भू-कानून, नकल विरोधी कानून, और 1905 सीएम हेल्पलाइन जैसी योजनाओं ने पारदर्शिता और सुशासन को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में दो-दो एम्स का निर्माण कराने की दिशा में प्रयास शुरू किया है। किच्छा में सेटेलाइट एम्स, हाईटेक बस अड्डा का निर्माण गतिमान है। जबकि अमृतसर कलकत्ता कॉरिडोर सहित तमाम विकासकारी योजनाएं धरातल पर आनी शेष है। कहा कि एम्स के निर्माण के बाद इसका लाभ किच्छा सहित प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को लाभ मिलेगा। शुक्ला ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण की नीति लागू की गई है, जिससे महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। सरकार की ‘सेवा, सुशासन और विकास’ की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए इस आयोजन ने आम जनता को सरकारी योजनाओं से सीधे जोडऩे का कार्य किया। उत्तराखंड सरकार अपने सुशासन और विकास कार्यों के माध्यम से प्रदेश को नई ऊंचाइयों की ओर ले जा रही है, जिससे राज्य का हर नागरिक लाभान्वित हो रहा है। जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने सरकार की तीन वर्षों की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि उत्तराखंड ने सतत् विकास लक्ष्यों में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। राज्य में लागू नकल विरोधी कानून ने शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाया है और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया है।
वहां पर जिला पंचायत अध्यक्ष रेनू गंगवार, ममता जल्होत्रा, सचिन शुक्ला, गोल्डी गोराया, सन्दीप अरोरा, धर्मराज जायसवाल, संजीव कुमार सिंह, राजेश तिवारी, महेंद्र पाल, पिंकी डिमरी, संजीव खन्ना, मुकेश कोली, राजकुमार कोली आदि मौजूद रहे।

पूर्व विधायक व सीडीएम ने दी व्हीलचेयर
किच्छा। शिविर के दौरान विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों को लाभान्वित किया गया। इस दौरान एक व्यक्ति को एसडीएम कौस्तुभ मिश्रा एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने व्हीलचेयर दी। वहीं, बड़ी संख्या में लोगों ब्लड डोनेशन कैम्प में रक्तदान भी किया।