29.5 C
Rudrapur
Saturday, June 21, 2025

Kichha: सिरौली कला को लेकर गरमाई सियासत, शुक्ला ने कांग्रेसियों को दी खुले मंच पर बहस की चुनौती

अवश्य पढ़ें

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला बोले- कांग्रेस नहीं चाहती मुस्लिम समाज का विकास, सिर्फ वोटों का चाहती है इस्तेमाल

किच्छा। सिरौली कला को नगर पालिका बनाए जाने को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कांग्रेस पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस मुस्लिम समाज का भला नहीं, सिर्फ वोट चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस न्यायालय की आड़ में सिरौली कला को नगर पालिका बनाने में रोड़े अटका रही है, ताकि उसे वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया जा सके। पूर्व विधायक शुक्ला, सिरौली कला में आयोजित एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने चुनौती दी कि कांग्रेस यदि नगर पालिका बनने से नुकसान मानती है, तो खुले मंच पर उनसे बहस करे। शुक्ला ने सवाल किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सिरौली कला को नगर पालिका बनाए जाने के फैसले का विरोध कांग्रेस किस आधार पर कर रही है? पूर्व विधायक ने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सिरौली कला में इंटर कॉलेज खोलने की घोषणा की थी, लेकिन उसे आज तक अमल में नहीं लाया गया। 2022 के चुनाव से पहले भी कांग्रेस ने मुस्लिम समाज को झूठे वादों के जाल में फंसाया, पर जीतने के बाद उनकी समस्याओं की ओर कभी ध्यान नहीं दिया। शुक्ला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को मुसलमानों की तरक्की नहीं, सिर्फ उनके वोटों की पड़ी है। उन्होंने बताया कि विधायक रहते उन्होंने सिरौली कला को किच्छा नगर पालिका में शामिल कराया था, लेकिन कांग्रेस के पालिका अध्यक्ष ने क्षेत्र के विकास में बाधा डाली। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से सिरौली कला को नगर पंचायत का दर्जा दिलाया। अब जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे नगर पालिका का दर्जा दे दिया है, तो कांग्रेस ने फिर कोर्ट में रीट दाखिल कर दी। सभा को कार्यक्रम संयोजक शकील खान ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक शुक्ला ने सिरौली कला तक नहर की कवरिंग और सड़क निर्माण की स्वीकृति दिलवाई थी, जिसका पहला चरण पूरा हो चुका है, लेकिन वर्तमान कांग्रेस विधायक उसकी दूसरी किस्त लाने में असफल रहे। पूर्व जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा इफ्तार मियां ने कहा कि पूर्व विधायक शुक्ला के कार्यकाल में एम्स, डिग्री कॉलेज, नगर पालिकाएं, एसडीएम कोर्ट, बिजली विभाग का कार्यालय, हाईटेक बस अड्डा जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए। अगर वह चुनाव नहीं हारते, तो आज किच्छा देश के मानचित्र पर एक अलग पहचान रखता।
सभा में शक्ति केंद्र संयोजक बाबू अल्वी, बूथ अध्यक्ष खुर्शीद खां, नाजिम, जीशान खान, इकराम मियां समेत कई वक्ताओं ने कांग्रेस के रवैये की आलोचना की और शुक्ला के कार्यों की सराहना की। सभा की अध्यक्षता मंडल महामंत्री मुकेश कोली ने की। वहां तमाम लोग मौजूद रहे।

- Advertisement -spot_img

अधिक समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताजा खबर