न्यूज़ प्रिंट रामनगर। कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज से उत्तराखंड में चुनाव प्रचार का आगाज कर दिया है। रामनगर में प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार नारी शक्ति की बात कहती है। महिलाओं की सुरक्षा की बात करती है, लेकिन इन्होंने अंकिता भंडारी के साथ क्या किया? जिन्होंने उनकी हत्या की उनको संरक्षण कौन दे रहा है, इसका जवाब मोदीजी को देना होगा। कहा कि आप कब तक कांग्रेस को दोष देते रहेंगे। कांग्रेस पिछले 10 साल से सत्ता में नहीं है। पिछले 10 वर्षों से वे (भाजपा) पूर्ण बहुमत के साथ सरकार में हैं, अब वे कहते हैं ‘400 पारÓ उन्हें और अधिक बहुमत चाहिए। वे कहते हैं कि 75 साल में कुछ नहीं किया। प्रियंका गांधी ने कहा कि अगर कुछ नहीं हुआ तो उत्तराखंड, जहां से आईआईटी, आईआईएम और एम्स देश में आए, वहां ऐसे कौशल कैसे विकसित हो गए। चंद्रयान चंद्रमा पर उतरा, यदि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने इन्हें न बनाया होता तो क्या यह संभव था? प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए प्रियंका ने कहा कि मोदीजी नहीं हम सब उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश को देवभूमि कहते हैं। लेकिन जब उसी देवभूमि हिमाचल में भीषण आपदा आई तो वहां न मोदी जी दिखे और न ही भाजपा का कोई कार्यकर्ता। वहां कांग्रेस के नेता, मंत्री और खुद सीएम राहत पहुंचा रहे थे। मोदी सरकार ने राहत का पैसा आजतक नहीं दिया। मोदी जी के लिए देवभूमि केवल चुनाव के समय होती है, क्योंकि ये उनकी आदत बन गई है और सच्चाई बहुत दूर हैं। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म में आस्था का सबसे बड़ा प्रमाण ‘त्यागÓ होता है। मैंने 19 साल की उम्र में अपने पिता का शव अपनी मां के सामने रखा है। मैं शहादत और त्याग को समझती हूं। ये मेरे परिवार को कितनी भी गालियां दें, मेरे शहीद पिता का अपमान करें लेकिन हम चुप रहते हैं, क्योंकि ये हमारे संघर्ष को नहीं समझते। हम चुप रहते हैं, क्योंकि इस देश के लिए आस्था और सच्ची श्रद्धा हमारे दिल में है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने यहां पर अपने भाषण में सैनिकों की बात की, लेकिन अग्निवीर योजना कौन लाया? हजारों युवा सेना में जाने के लिए कई सालों तक मेहनत करते हैं, क्योंकि उनमें देशभक्ति की भावना होती है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी कहते हैं कि सब भ्रष्ट हैं, बस वही पाक-साफ है। खुद की तारीफ खुद ही करते हैं। सरकारी तंत्र का इस्तेमाल करके नेताओं को अपनी पार्टी में लाने और सरकार गिराने में इतने व्यस्त हैं कि रोजगार, महंगाई की बात भूल गए। फिर इलेक्टोरल बॉन्ड में खुलासा हुआ तो चंदा लो-धंधा लो वाली बात सामने आ गई। अब आप बताइए कि भ्रष्ट कौन है?