न्यूज प्रिन्ट, रुद्रपुर। उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा कल रुद्रपुर पहुंचेंगी। इसके लिए कांग्रेस संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने बताया कि यह कार्यक्रम भूरारानी स्थित नजारा बैंकट हॉल में दोपहर 12 बजे से आयोजित किया जाएगा। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश के सह-प्रभारी और जनपद के सभी विधायक भी उपस्थित रहेंगे।

हिमांशु गावा ने कहा कि यह दौरा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्त्रोत होगा और उन्हें चुनावी तैयारियों के लिए उत्साहित करेगा। बैठक में केवल भाषण नहीं होंगे, बल्कि कार्यकर्ताओं से सीधी राय लेकर संगठन को मजबूत करने पर भी चर्चा होगी।
इस बैठक में जिला, महानगर और ब्लॉक कमेटियों के पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस और अन्य फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी, जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान तथा पूर्व जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। गावा ने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि यह बैठक कांग्रेस के विजय अभियान की नींव रखने में महत्वपूर्ण साबित होगी।


