न्यूज प्रिन्ट गदरपुर/ऊधमसिंहनगर: जनपद में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत गदरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर वांछित अपराधी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, लेकिन जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगने के बाद उसे दबोच लिया गया

यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “नशामुक्त/अपराधमुक्त देवभूमि” अभियान के तहत एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में की गई। घटना की शुरुआत 24 जनवरी 2026 को हुई, जब एएनटीएफ कुमाऊं यूनिट रुद्रपुर ने करतारपुर रोड तिराहे पर चेकिंग के दौरान एक स्कूटी से स्मैक (हेरोइन) बरामद की। स्कूटी चला रहा नाबालिग पूछताछ में टूट गया और उसने बताया कि यह नशा उसके पिता शाकिर अली उर्फ नक्टा और मां द्वारा सप्लाई के लिए भेजा गया था। इसके आधार पर गदरपुर कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
27 मार्च को पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी, तभी ग्राम कलकत्ती खानपुर तिराहे के पास आरोपी शाकिर अली उर्फ नक्टा नजर आया। पुलिस को देखते ही उसने फायरिंग कर दी और फरार होने लगा। पुलिस ने पीछा किया और कुईखेड़ी मार्ग पर श्मशान घाट के पास मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को जिला अस्पताल रुद्रपुर में भर्ती कराया गया है।

जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी में सक्रिय था और अपने नाबालिग बच्चों से भी स्मैक का अवैध कारोबार करवाता था। उसके खिलाफ कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। एसएसपी अजय गणपति ने साफ कहा कि नशा तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
खबर व विज्ञापन के लिए संपर्क करें 98376 11839


