नगला, गदरपुर, लालपुर में जीते तो रुद्रपुर, काशीपुर, खटीमा में आगे भाजपा, बाजपुर में कांग्रेस मजबूत
न्यूज प्रिन्ट, उधम सिंह नगर। उत्तराखंड निकाय चुनाव की मतगणना जारी है। प्रदेश से दूसरे सबसे बड़े जिले उधम सिंह नगर की 17 नगर निकाय पर कुछ सीटों पर परिणाम घोषित हो चुके हैं। जबकि कुछ सीटों पर काउंटिंग जारी है। जिले में दो नगर निगम (काशीपुर, रुद्रपुर) जबकि 7 नगर पालिका (महुआखेड़ागंज, गदरपुर, सितारगंज, बाजपुर, जसपुर, खटीमा, नगला) और 8 नगर पंचायत (नानकमत्ता, दिनेशपुर, गूलरभोज, केलाखेड़ा, सुल्तानपुर, महुआड़ाबरा, शक्तिगढ़, लालपुर) के परिणाम आ रहे हैं। जिले की बात करें तो यहां की अधिकतर सीटों पर भाजपा आगे चल रही है। नगला और गदरपुर नगर पालिका सीट, लालपुर नगर पंचायत सीट पर भाजपा ने जीत दर्ज कर ली है। वहीं, भाजपा प्रत्याशी खटीमा, काशीपुर में आगे हैं। कांग्रेस को बाजपुर और जसपुर में बढ़त मिलती दिख रही है। इसके अलावा दो निगमों की बात करें तो काशीपुर और रुद्रपुर में भाजपा मजबूत है।
रुद्रपुर में कमल खिलने को तैयार
रुद्रपुर। नगर निगम मेयर पद की बात करें तो यहां से भाजपा प्रत्याशी विकास शर्मा कांग्रेस से काफी आगे निकल गये हैं। उनकी जीत तय मानी जा रही है। हालांकि, शुरूआत में कांग्रेस प्रत्याशी मोहन लाल खेड़ा को लेकर काफी चर्चा थी लेकिन चुनाव संपूर्ण होने के बाद से कांग्रेस निराश दिखने लगी। कांग्रेस ने गड़बड़ी का आरोप भी लगाना शुरू किया था। आज सुबह जैसे ही मतगणना शुरू हुई भाजपा ने बढ़त बना ली। यह बढ़त लगातार बनी रही है। दूसरे राउंड की गिनती तक भाजपा प्रत्याशी विकास शर्मा करीब 4500 वोटों से आगे हैं। माना जा रहा है कि विकास चुनाव में जीत की ओर बढ़ चुके हैं। देर रात तक परिणाम आने की संभावना है।
बेहड़ के पुत्र सौरभ विजयी
रुद्रपुर। वार्ड 39 में कांगे्रस के प्रत्याशी सौरभ बेहड़ लगातार बढ़त बनाये रहे। पहले राउंड की गिनती में कांग्रेस प्रत्याशी बेहड़ को 313 मत मिले थे तो भाजपा प्रत्याशी रमेश कालड़ा को 276 वोट पड़े थे तो दूसरे राउंड में भाजपा को 257 तो कांग्रेस को 295 मत पड़े। खबर लिखे जाने तक की सूचना के आधार पर सौरभ ने अपने प्रतिद्वंदी को हरा दिया है।
वार्ड पांच से कुसुम शर्मा जीतीं
रुद्रपुर के वार्ड पांच से भाजपा प्रत्याशी कुसुम शर्मा ने जीत दर्ज कर ली है। उनके पति राधेश्याम शर्मा ने जीत का श्रेय वार्ड के लोगों को दिया है। उन्होंने पार्टी का आभार जताया है।