चार साल का कार्यकाल पूरा करने वाले जवानों को मिलेगा विकल्प, 18,300 से अधिक अग्निवीरों की सेवा अवधि हो रही पूरी
न्यूज प्रिन्ट, नई दिल्ली। अग्निवीरों के लिए राहत भरी खबर सामने आ रही है। वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि जल्द ही अग्निवीरों को दो साल का सेवा विस्तार देने की घोषणा कर सकते हैं। हालांकि, सेवा में बने रहने का फैसला पूरी तरह संबंधित अग्निवीर पर निर्भर करेगा।
अग्निपथ योजना के तहत भर्ती हुए पहले बैच के 18,300 से अधिक अग्निवीरों का चार साल का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है। ऐसे में तीनों सेनाओं की ओर से उन्हें चरणबद्ध तरीके से कार्यमुक्त किया जाना था। प्रस्तावित सेवा विस्तार से जवानों को सेना में अपनी सेवा जारी रखने का अतिरिक्त अवसर मिल सकता है।
गौरतलब है कि जून 2022 में शुरू हुई अग्निपथ योजना के तहत युवाओं की चार साल के लिए भर्ती की जाती है। इसमें 25 प्रतिशत अग्निवीरों को आगे 15 साल की नियमित सेवा में बनाए रखने का प्रावधान है।
तीनों सेनाओं ने विभिन्न भूमिकाओं में अग्निवीरों के प्रदर्शन पर संतोष जताया है। अधिकारियों के अनुसार, भविष्य में विशेष कौशल वाले जवानों को सेवा में बनाए रखने के लिए भर्ती व्यवस्था में बदलाव पर भी विचार किया जा सकता है।





