भाजपा सरकार के तीन साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रपुर में रोड शो किया। इसके अलावा, सीएम धामी ने गांधी पार्क में विशाल जनसभा को सम्बोधित भी किया। सोमवार को सीएम धामी रुद्रपुर के गल्ला मंडी पहुंचे। वहां से उनका काफिला मुख्य बाजार, खाटू श्याम मंदिर होते हुए गांधी पार्क पहुंचा। इस दौरान जगह-जगह पुष्प वर्षा कर लोगों ने उत्साहवर्धन किया। सीएम ने हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया।

गांधी पार्क में लोगों को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि तीन वर्षों के दौरान प्रदेश ने कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। इस दौरान नए-नए कीर्तिमान स्थापित हुए जिनकी गूंज आज पूरे देश में सुनाई दे रही है। उन्होंने कहा कि तीन साल की सेवा का यह कार्यकाल इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होगा।

सरकार की तीन वर्ष की उपलब्धियों को सिलसिलेवार सामने रखते हुए धामी ने कहा कि हमारी सरकार ने पिछले तीन सालों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, खेल, पेयजल और हवाई कनेक्टिविटी के साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने का काम किया है। तीस से अधिक नई नीतियां बनाकर राज्य के सर्वांगीण विकास का एक विस्तृत रोडमैप तैयार किया गया है। इसी का नतीजा है कि हर क्षेत्र में उत्तराखंड की प्रगति साफ दिखाई दे रही है। सीएम ने कहा कि सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने के इंडेक्स में राज्य को पहला स्थान मिला है। जबकि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में एचीवर्स तथा स्टार्टअप रैंकिंग में लीडर्स की श्रेणी मिली है। इसके साथ ही बेरोजगारी दर में रिकार्ड कमी आई है।
यह सभी रहे उपस्थित
रुद्रपुर। भाजपा सरकार के तीन साल बेमिसाल कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, रामपाल सिंह, गुंजन सुखीजा, अनिल डब्बू, प्रेम सिंह राणा, मिंटू गुंबर, बलविन्दर कौर, सचिन शुक्ला, रमेश जोशी, विवेकदीप सिंह, उपेंद्र चौधरी, सुरेश कोली, सुनील यादव, मुकेश पाल, धीरेश गुप्ता, राजेश कुमार, संजीव कुमार, विपिन जल्होत्रा, धीरेंद्र मिश्रा आदि मौजूद रहे।
मेरी हो रही अनदेखी : ठुकराल

भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने निकाय चुनाव में भले ही भाजपा प्रत्याशी को चुनाव लड़वाया हो लेकिन इसके बाद भी पूर्व विधायक की अनदेखी बरकरार है। आज कार्यक्रम को लेकर शहरभर में लगायी गईं फ्लैक्स बोर्ड से उनका फोटो गायब रहा। ऐसे में पूर्व विधायक का दर्द मीडिया के सामने छलकता दिखा। पूर्व विधायक ने मीडिया में दिये बयान में कहा कि भले ही उनकी अनदेखी की जा रही हो लेकिन उनका विश्वास पक्का है। उन्होंने कहा कि भाजपा को अपना वादा निभाना चाहिये, पार्टी को जब उनकी जरूरत थी तो वो खड़े थे लेकिन अब मुख्यमंत्री को अपना वादा निभाना होगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही बहुत कुछ अच्छा होने वाला है।
वेंडिंग जोन का किया शुभारंभ
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री धामी ने फुटकर व्यापारियों के लिए बनाए गए वेंडिंग जोन का शुभारंभ किया। सीएम ने दुकानदारों को दुकानों की चाबियां भी दीं। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य बड़े व्यापारियों के साथ-साथ छोटे व्यापारियों को भी आगे बढ़ाना है। रुद्रपुर में स्थापित वेंडिंग जोन यहां के व्यापारियों के लिए नाजीर बनेगा। चाबियां मिलने के उपरांत व्यापारियों ने सीएम धामी का आभार जताया। वहां पर सुरेश गौरी, सुशील चौहान, गजेंद्र प्रजापति, हिमांशु शुक्ला, अमित नारंग, योगेश वर्मा, देव शर्मा, सचिन छाबड़ा, डॉ. शाह खान, हरीश जोशी, सुरेश शर्मा, संजीव शर्मा, मुकेश वशिष्ठ, तरूण दत्ता, नेत्रपाल मोर्या आदि मौजूद रहे।
विभिन्न स्टॉल का भी किया निरीक्षण
गांधी पार्क में महिला समूहों की ओर से तमाम स्टॉल लगाए गए। महिलाओं ने हाथ से निर्मित वस्तुओं का प्रदर्शन किया। सीएम धामी ने स्टॉल का निरीक्षण भी किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के स्टॉल व चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया। वहां पर तमाम आशा वर्कर्स भी मौजूद रहीं।
मेयर ने की 4 और वेंडिंग जोन बनाने की मांग
सीएम धामी के आगमन पर मेयर विकास शर्मा ने उनका जोरदार स्वागत किया। मेयर शर्मा ने सीएम को बड़ी फूलों की माला पहनाते हुए सरकार के तीन साल पूरे होने की बधाई दी। मेयर ने महानगर में व्यापारियों के लिए 4 और वेंडिंग जोन बनाने की मांग की।
विधायक ने तीन साल बेमिसाल का लगाया नारा
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि सीएम धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने तमाम उपलब्धियों को हासिल किया है। सरकार ने यूसीसी लागू कर इतिहास रचा है तो प्रदेश में नकल विरोधी कानून से युवाओं के भविष्य को बचाने का भी काम किया गया है। उन्होंने मंच से तीन साल बेमिसाल का नारा लगाकर लोगों में उत्साह भरा। विधायक ने मोदी मैदान में स्टेडियम बनाने तथा मेडिकल कॉलेज को 2026 तक चालू कराने की मांग की।
सीएम ने हंस स्पोर्टस एकेडमी का किया उद्घाटन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कल्याणी व्यू स्थित हंस स्पोर्टस एकेडमी का शुभारंभ किया। उन्होंने एकेडमी के स्वामी नरेंद्र अरोरा व उनके पुत्र को नये प्रतिष्ठान की बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं को खेल से जुड़े रहना बेहद जरूरी है। खेल हमारे स्वास्थ्य के लिये आवश्यक है।