न्यूज प्रिन्ट,रुद्रपुर। किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के मार्गदर्शन में आगामी 14 दिसंबर को दिल्ली में प्रस्तावित कांग्रेस की विशाल रैली की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यह रैली मौजूदा सत्तारूढ़ भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, बढ़ते भ्रष्टाचार और प्रशासनिक तानाशाही को सामने लाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। जनता के अधिकारों का हनन, चुनावों में कथित अनियमितताएँ, रोजगार में गिरावट, महंगाई और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव जैसे मुद्दों पर लोगों में बढ़ते असंतोष को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के लिए यह रैली एक निर्णायक रूप लेगी।
क्षेत्र से दर्जनों वाहनों में सवार सैकड़ों कार्यकर्ता दिल्ली पहुँचकर केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज़ बुलंद करेंगे। देश भर से जुटने वाली भीड़ इस रैली को बड़े राजनीतिक संदेश का रूप देने वाली है, जिसमें केंद्र की नीतियों के खिलाफ संघर्ष का संकल्प लिया जाएगा।
रैली की तैयारियों को लेकर आज बेहड़ के आवास विकास स्थित कार्यालय में बैठक हुई, जहां कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। सभी ने एक सुर में कहा कि अब समय आ गया है जब दिल्ली की धरती से सच्चाई को बुलंद आवाज़ दी जाए ताकि जनता को उनके मुद्दों से भटकाने की कोशिशें उजागर हो सकें।
विधायक बेहड़ ने कहा कि यह रैली केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनआवाज़ और जनसम्मान की लड़ाई है, जिसमें हर नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
बैठक में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मोहनखेड़ा, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, पीसीसी सदस्य परिमल राय, पावन वर्मा, राजेंद्र मिश्रा, शुभम दास, रणजीत राणा, सौरभ शर्मा, गौरव खुराना, सौरभ बेहड़, जितेश शर्मा, अशफाक खान, प्रवेश कुरेशी, इंद्रजीत सिंह, अशोक राय, राजू कोली, सुशील मंडल, सुरेंद्र सिंह सहित अनेक कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


