न्यूज प्रिन्ट उत्तरकाशी। गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए जा रहे यात्रियों की कार उत्तरकाशी में गंगनानी के पास दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। गुरुवार सुबह गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर डबरानी की ओर जाते समय वाहन अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा और सीधे नदी में समा गया। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, वाहन में गुजरात के छह यात्री और एक चालक समेत कुल सात लोग सवार थे। सभी यात्री हिना के समीप से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान गंगनानी बाजार से आगे वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गई।
हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और नदी किनारे सर्च अभियान शुरू किया। बचाव अभियान के दौरान अब तक पांच लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं लापता दो लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।





