किच्छा: बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरे सिरौलीवासी, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
न्यूज प्रिन्ट,किच्छा। सिरौली कला को अलग नगर पालिका बनाने की मांग अब सड़कों पर देखी जा सकती है। आज बड़ी संख्या में सिरौलीवासियों ने जुलूस की शक़्ल में रैली निकाल, अपनी मांग को तेज किया। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला की अगुवाई में इन लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञात होकि कि भाजपा सरकार ने किच्छा नगर पालिका में शामिल सिरौली कला को अलग नगर पालिका बनाये जाने की अधिसूचना जारी की थी लेकिन कुछ लोगों ने इस पर आपत्ति लगाते हुए मामले को न्यायालय पहुंचा दिया। हाईकोर्ट में मामला लंबित है और अगली सुनवाई 21 फरवरी को होनी। खबर है कि इस सुनवाई में फैसला आ सकता है। इससे पहले पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने सिरौली के लोगों को नवीन गल्ला मंडी में एकजुट कर उनको सम्बोधित किया।

उन्होंने कहा कि आज जिस तरह से लोग अपने घरों से निकलकर सड़कों पर आये हैं उससे साफ है कि सिरौलीवासी किच्छा से अलग होकर पृथक नगर पालिका के सरकार के निर्णय के साथ हैं। लेकिन कांग्रेस अपनी दलगत राजनीति के चलते ऐसा होने में बाधक बन रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्लिम समाज के वोट लेकर कांग्रेस उनके ही हित को सुरक्षित नहीं होने दे रही। अगर सिरौली अलग नगर पालिका बनती है तो वहां पर उनका अपना अध्यक्ष होगा और वो स्वयं फैसला ले सकेंगे। इससे उस क्षेत्र में विकास अधिक हो सकेगा। उन्होंने दावा किया कि अब सिरौली को अलग नगर पालिका बनने से रोका नहीं जा सकता। कांग्रेस चाहें जितना जोर लगा ले लेकिन सिरौली अलग होकर रहेगी। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। वहां पर गोल्डी गोराया, संदीप अरोरा, मनमोहन सक्सेना, संजीव खन्ना, नितिन चरण, दया डसीला, पूनम अग्रवाल, नासिर प्रधान, जाहिद, इंतजार अली, लईक, मूलचंद राठौर, जीशान, इफ्तेकार अहमद, राजकुमार कोली, जाकिर, मोईन, इस्लाम अहमद सहित तमाम लोग मौजूद रहे।



