26.1 C
Rudrapur
Thursday, February 19, 2026

सरस मेले में नगर निगम रुद्रपुर द्वारा भव्य स्वच्छता पेंटिंग प्रतियोगिता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

अवश्य पढ़ें

न्यूज प्रिन्ट,रुद्रपुर। रुद्रपुर 18 फरवरी 2026(सू0वि0)- सरस मेले में आज नगर निगम रुद्रपुर द्वारा स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने हेतु एक भव्य स्वच्छता पेंटिंग प्रतियोगिता एवं विविध जागरूकता कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं नागरिकों में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के महत्व को रेखांकित करना रहा। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से लगभग 300 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता की थीम “स्वच्छ आदत से स्वच्छ भारत” एवं “RRR (Reduce, Reuse, Recycle)” रही, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के जरिए स्वच्छता का सशक्त संदेश प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी कुँवर सिंह रावत, जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन एवं एस.एन.ए. राजू नबियाल द्वारा संयुक्त रूप से विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।

सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विशेष उपहार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता तीन वर्गों में आयोजित की गई। जूनियर वर्ग (कक्षा 6, 7 एवं 8): ए.एन. झा इंटर कॉलेज, रुद्रपुर के कक्षा 8 के मनीष, सीनियर वर्ग (कक्षा 9, 10, 11 एवं 12): गुरुकुल इंटर कॉलेज, रुद्रपुर से कक्षा 12 की लक्ष्मी एवं डिग्री कॉलेज वर्ग में आर.आई.टी. रुद्रपुर की कविता राजभर विजेता चुने गए। विजेता विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्ति एवं स्वच्छता के प्रति उनकी समझ की अतिथियों द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की गई। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने ढोल-नगाड़ों एवं संगीत के साथ स्वच्छता रैली निकालकर मेले में उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया।

साथ ही, नगर निगम द्वारा स्वच्छता आधारित नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरा पृथक्करण एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व को सरल एवं प्रभावी ढंग से समझाया गया। दिल्ली से आई प्रशिक्षक सिया ने मेले में लगे खाद्य स्टॉल संचालकों, स्ट्रीट वेंडर्स एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा विषयक प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण के दौरान स्वच्छ भोजन परोसने, कचरा प्रबंधन, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त एवं एस.एन.ए. राजू नबियाल ने स्वच्छ भारत मिशन एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के सकारात्मक प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए सभी उपस्थित जनों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने कचरा पृथक्करण अपनाने, सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करने तथा “क्लीन और ग्रीन रुद्रपुर” के निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया। नगर निगम रुद्रपुर द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ। निगम प्रशासन शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित बनाने हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है।

- Advertisement -spot_img

अधिक समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताजा खबर