होली पर्व पर डीएम को अपने बीच पाकर ग्रामीण हुए खुश
न्यूज प्रिंट संवादाता,चंपावत। रंगों के पर्व होली के पावन अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिला मुख्यालय स्थित ग्राम पंचायत ढकना बडोला पहुँचकर ग्रामीणों के साथ होली मिलन कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों को होली की शुभकामनाएँ दी और ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। सोमवार को देर रात जिलाधिकारी ग्रामीणों के साथ होली खेलने ढकना बडोला गांव पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में सीसी मार्ग निर्माण, मंदिर प्रांगण में समुचित प्रकाश व्यवस्था, तथा युवाओं के लिए पुस्तकालय (लाइब्रेरी) की स्थापना जैसी प्रमुख मांगों को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रशासन गांव-गांव तक पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहा है। जिससे नागरिकों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी की त्वरित शिकायत निस्तारण की कार्यशैली एवं संवेदनशील व्यवहार की सराहना करते हुए जनपद के नागरिकों की समस्याओं के समाधान हेतु उनके प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। इस मौके पर ग्राम प्रधान जानकी बडोला, क्षेत्र पंचायत सदस्य पवन भंडारी, सरपंच ईश्वरी भंडारी, विक्रम भंडारी, अम्बादत्त फूलारा, तारा भंडारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


