न्यूज प्रिन्ट,चंपावत। पूर्व सैनिकों व वीर नारियों के कल्याण और सम्मान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पंचशूल टस्कर्स की ओर से चम्पावत में पूर्व सैनिक कैंटीन का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 93 वर्षीय सेवानिवृत्त सिपाही जय दत्त रहे, जिन्होंने देश की सेवा में तीन युद्धों में भाग लिया है और वर्तमान में जनपद के वरिष्ठतम युद्ध वीर सैनिक हैं। उनके कर-कमलों से कैंटीन का उद्घाटन किया गया। उपस्थित जनसमूह ने उनके अद्वितीय योगदान और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को सम्मानपूर्वक नमन किया। इस अवसर पर ब्रिगेडियर गौतम पठानिया ने कहा कि पूर्व सैनिकों और वीर नारियों का कल्याण सेना की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने कहा कि यह कैंटीन पूर्व सैनिक समुदाय को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके प्रति सेना की संवेदनशीलता, देखभाल और प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
एसडीएम बीसी पंत एवं कर्नल उमेद सिंह ने भी अपने संबोधन में इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे जनपद के पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों को महत्वपूर्ण सुविधा प्राप्त होगी। कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों के साथ संवाद भी आयोजित किया गया। जिसमें उनकी समस्याओं व आवश्यकताओं पर चर्चा की गई। उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने पूर्व सैनिकों के कल्याण हेतु निरंतर प्रयास जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।पूर्व सैनिक कैंटीन की स्थापना से चम्पावत जनपद के पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को आवश्यक वस्तुएं एवं सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। जिससे उनके जीवन को और अधिक सुविधाजनक बनाने में सहायता मिलेगी
इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के सचिव कर्नल उमेद सिंह, पूर्व कर्नल भवानी दत्त जोशी सहित लगभग 60 पूर्व सैनिक एवं वीर नारियां उपस्थित रहीं।
फोटो –
चंपावत में पूर्व सैनिक कैंटीन का हुआ शुभारंभ, 93 वर्षीय युद्धवीर जयदत्त ने किया उद्घाटन


