न्यूज प्रिन्ट,रुद्रपुर। नगर के भंजूराम अमूर इंटर कॉलेज के कक्षा आठ के छात्र रोहित ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर बड़ा मुकाम हासिल किया है। बेहद साधारण और निर्धन परिवार से आने वाले रोहित ने लोकप्रिय टीवी रियलिटी शो “किसमें कितना है दम” के ग्रैंड फिनाले में प्रथम स्थान प्राप्त कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
यह कार्यक्रम एचडी पंजाबी चैनल पर प्रसारित होता है, जिसका आयोजन पंजाब स्थित एक विश्वविद्यालय में किया गया था।
देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद रोहित ने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से निर्णायकों का दिल जीत लिया और विजेता घोषित हुए। उन्हें ट्रॉफी के साथ नकद पुरस्कार भी प्रदान किया गया। रोहित के पिता शिवकुमार और माता पुष्पा ने बताया कि आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने अपने बेटे के सपनों को कभी रुकने नहीं दिया। रोहित बचपन से ही काला में रुचि रखते हैं और स्कूल व स्थानीय प्रतियोगिताओं में हमेशा बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते रहे हैं। इस उपलब्धि के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय परिवार और स्थानीय लोगों ने भी रोहित की सफलता पर गर्व जताते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


