न्यूज प्रिन्ट रुद्रपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां वार्ड नंबर-31 के पूर्व पार्षद एवं पार्षद पति और बीजेपी नेता सचिन मुंजाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई न्यायालय द्वारा जारी गैर-जमानती वारंट (NBW) के अनुपालन में की गई।
मामले की पृष्ठभूमि के अनुसार, 27 फरवरी 2025 को चतुर्थ सीनियर सिविल जज, रुद्रपुर की अदालत ने फौजदारी वाद संख्या 22/97 वर्ष 2021, रमेश कुमार धींगड़ा बनाम सचिन मुंजाल मामले में फैसला सुनाया था। यह मामला धारा 138 एन.आई. एक्ट (चेक बाउंस) से संबंधित था। अदालत ने आरोपी सचिन मुंजाल को दोषी पाते हुए 6 माह के कारावास और 70 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया था।
इस निर्णय के खिलाफ सचिन मुंजाल द्वारा सत्र न्यायाधीश, ऊधमसिंह नगर की अदालत में फौजदारी अपील संख्या 86/25 (सचिन मुंजाल बनाम सरकार आदि) दायर की गई थी। हालांकि, अपील पर सुनवाई के दौरान अभियुक्त न्यायालय में पेश नहीं हुआ। बार-बार गैरहाजिर रहने के चलते अदालत ने कड़ा रुख अपनाते हुए उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया।

न्यायालय के आदेश के अनुपालन में कोतवाली ट्रांजिट कैंप पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सचिन मुंजाल को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
इस कार्रवाई से क्षेत्र की राजनीति में भी हलचल मच गई है, क्योंकि सचिन मुंजाल स्थानीय स्तर पर एक सक्रिय राजनीतिक चेहरा माने जाते हैं। वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और न्यायालय के आदेशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
फिलहाल, मामले में आगे की सुनवाई और न्यायालय के आदेश पर सभी की नजर बनी हुई है।
खबर व विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें 98376 11839


