spot_img

Rudrapur: गड्ढामुक्त सड़कों के बाद अब रुद्रपुर में नई हॉटमिक्स सड़कों का निर्माण शुरू

अवश्य पढ़ें

spot_img

न्यूज प्रिन्ट रुद्रपुर। शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के व्यापक अभियान के बाद अब नगर निगम ने नई हॉटमिक्स सड़कों के निर्माण की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। इसी क्रम में महापौर विकास शर्मा ने बुधवार को एलायंस सिटी वन कॉलोनी में विधिवत पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर हॉटमिक्स सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कॉलोनीवासियों ने महापौर का जोरदार स्वागत करते हुए नागरिक अभिनंदन किया और क्षेत्र में सड़क निर्माण की पहल के लिए आभार व्यक्त किया।

सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ करते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और सहयोग से रुद्रपुर को विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। शहर को उत्तराखंड का नंबर वन शहर बनाने की संकल्पना के साथ नगर निगम निरंतर बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रहा है। इसका सकारात्मक परिणाम भी सामने आने लगा है। हाल ही में स्वच्छता के क्षेत्र में नगर निगम को देश के सभी हिमालयी राज्यों में प्रथम रैंक प्राप्त हुई है। यह उपलब्धि शहर में बेहतर व्यवस्थाएं विकसित करने और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूरे प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत रुद्रपुर नगर निगम क्षेत्र में व्यापक अभियान चलाकर क्षतिग्रस्त सड़कों के गड्ढों को भरने का काम किया गया। अब शहर में नई हॉटमिक्स सड़कों के निर्माण का सिलसिला भी शुरू कर दिया गया है। नगर निगम ने हॉटमिक्स सड़कों के निर्माण का जो वायदा शहरवासियों से किया था, उसे पूरा करने की दिशा में काम शुरू हो चुका है। इसके लिए करीब 10 करोड़ रुपये की लागत के कार्यों के टेंडर जारी किए जा चुके हैं। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से इन सड़कों का निर्माण कराया जाएगा।

महापौर ने बताया कि हॉटमिक्स सड़क निर्माण की शुरुआत एलायंस सिटी वन कॉलोनी से की गई है। यहां फिलहाल एक सड़क का निर्माण शुरू हुआ है, जबकि कॉलोनी में करीब दो किलोमीटर लंबाई की अन्य सड़कों का निर्माण भी जल्द कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के नागरिकों को बेहतर सड़क, स्वच्छ पेयजल और निर्बाध बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। इन आवश्यकताओं को पूरा करने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि शहर के सभी 40 वार्डों में विकास कार्यों को गति देने के लिए 76 नए कार्यों के टेंडर भी हो चुके हैं। इन कार्यों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में सड़क, नाली और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का रुद्रपुर के विकास के लिए लगातार सहयोग मिल रहा है। प्रदेश सरकार से जिन संसाधनों और सहयोग की आवश्यकता रखी जाती है, उसे प्राथमिकता से उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि रुद्रपुर में आने वाले समय में कई बड़ी विकास परियोजनाएं धरातल पर उतरने जा रही हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर की तस्वीर और बेहतर होगी तथा रुद्रपुर एक आधुनिक और व्यवस्थित स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित होगा। शहरवासियों से किए गए वायदे एक-एक कर पूरे किए जा रहे हैं। हालांकि, रुद्रपुर को उत्तराखंड का नंबर वन शहर बनाने का लक्ष्य केवल नगर निगम के प्रयासों से पूरा नहीं हो सकता। इसके लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। जनसहयोग और जनभागीदारी से ही शहर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर संदीप कुमार यादव, अंकित पवार, ओमवीर चौधरी, विनीत चौधरी, अंकित भटनागर, योगेंद्र यादव, अरेंद्र मलिक, अशोक जैन, अशोक बजाज, धर्म सिंह, मनोज कुमार, सरदार सरजीत सिंह, बठला अंकल, सरदार पलविंदर सिंह, संजीव स्टीफन, राम जोशी सहित कॉलोनी के तमाम गणमान्य लोग एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

- Advertisement -spot_img

अधिक समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताजा खबर