कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा और चेयरमैन सुमित मंडल ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
न्यूज प्रिन्ट शक्ति फार्म। क्षेत्र की नगर पंचायत शक्तिगढ़ में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नौ नए कूड़ा वाहनों की सौगात मिली है। कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा और नगर पंचायत चेयरमैन सुमित मंडल ने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नए संसाधनों के जुड़ने से क्षेत्र में कूड़ा संग्रहण और निस्तारण व्यवस्था को नई गति मिलेगी। बड़े कूड़ा वाहन मुख्य मार्गों और अधिक कचरा उत्पन्न होने वाले इलाकों में तैनात किए जाएंगे, जबकि ई-रिक्शा के माध्यम से संकरी गलियों और वार्डों में घर-घर कूड़ा एकत्र किया जाएगा। इससे नगर की साफ-सफाई व्यवस्था और बेहतर होने की उम्मीद है।
नगर पंचायत परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि विकास कार्य जनता पर कोई उपकार नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों का नैतिक दायित्व है। उन्होंने बताया कि शक्तिगढ़ लंबे समय तक मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहा है, जिसे अब प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
वहीं, चेयरमैन सुमित मंडल ने नए वाहनों की उपलब्धता के लिए मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इससे स्वच्छता अभियान को नई रफ्तार मिलेगी और नगर में साफ-सफाई पहले से अधिक प्रभावी और नियमित हो सकेगी।
इस मौके पर अजय जायसवाल, कार्तिक राय, गोविंद तालुकदार, संजय बाछाड़, के.पी. मंडल, देबू मंडल, गोविंद सरकार, सुनीता सरकार, विक्रम भंडारी, सुबीर सरकार, राजा हालदार, मुकेश रावत, पीयूष कन्नौजिया, देवाशीष पोद्दार, रजत बाछाड़, सोनू विश्वास, हर्षवर्धन सिंह, गुड्डू सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।


