न्यूज प्रिन्ट पंतनगर। संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर अंबेडकर पार्क, पंतनगर में 46 लाख रुपये की लागत से उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापना एवं पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य का भूमि पूजन किया गया।

यह कार्य मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अनुरूप किया जा रहा है। भूमि पूजन पूर्व विधायक राजेश शुक्ला द्वारा विधिवत रूप से किया गया। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. दीपा विनय एवं नगर पालिका अध्यक्ष सचिन शुक्ला भी उपस्थित रहे।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है और जनहित की योजनाओं को प्राथमिकता के साथ धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने बताया कि 13 अक्टूबर 2024 को किच्छा में आयोजित जनसभा में की गई घोषणा के बाद अब इस परियोजना के लिए 46 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सामाजिक समानता और संविधान निर्माण के महान प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा की स्थापना से क्षेत्र के लोगों को प्रेरणा मिलेगी और यह स्थल सामाजिक जागरूकता का केंद्र बनेगा।
उन्होंने आगे कहा कि परियोजना के पूर्ण होने के बाद अंबेडकर पार्क का स्वरूप और अधिक आकर्षक एवं सुव्यवस्थित होगा, जिससे स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी और क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर समिति पंतनगर के अध्यक्ष रामाशीष सहित समिति के सदस्यों ने इस योजना को ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री एवं पूर्व विधायक का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में अंबेडकर समिति के पदाधिकारी, विभिन्न जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
खबर व विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें 98376 11839


