न्यूज प्रिन्ट, किच्छा। भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रबुद्ध जन सम्मेलन में पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों पर प्रकाश डालते हुए समाज के प्रबुद्ध वर्ग के साथ संवाद किया।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। भारत आज वैश्विक स्तर पर तेजी से उभरती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने हालिया आर्थिक आंकड़ों का उल्लेख करते हुए देश की विकास गति को सकारात्मक बताया।
राजेश शुक्ला ने उत्तराखंड में औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार सृजन के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की विभिन्न नीतियों और निवेश प्रोत्साहन कार्यक्रमों से प्रदेश में नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कृषि, पर्यटन, स्टार्टअप और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं को भी प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण बताया।
सम्मेलन में उन्होंने स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील करते हुए आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सभी की भागीदारी पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम को शरद यादव, प्रमोद ठुकराल, हरविंद्र चुग एवं अमित श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी, प्रबुद्धजन एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


